बीजेडी में शामिल हुए मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 19 अप्रैल 2018, 6:33 PM (IST)

नई दिल्ली। मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर रहे अरुप पटनायक अब राजनीति में उतर गए है। गुरुवार को वो बीजू जनता दल (बीजेडी) में शामिल हो गए। ओडिशा के सीएम नवीन पटनाक की मौजूदगी में वो बीजेडी के हिस्सा बने। नवीन पटनायक ने कहा कि वो पार्टी के लिए पूंजी हैं। इससे पहले मुबंई पुलिस के कमिश्नर रहे डॉ सत्यपाल सिंह ने बीजेपी का दामन थामा था। यूपी के बागपत से सांसद डॉ सत्यपाल सिंह केंद्र सरकार में राज्य मंत्री हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक पटनायक ने कहा कि अगर बीजेडी उनसे चुनाव मैदान में उतरने को कहेगी तो वो चुनाव भी लडेंगे। अरुप पटनायक को मुबंई पुलिस में कडक छवि के लिए माना जाता रहा है। बीजेडी में शामिल होने के बाद अरुप पटनायक ने कहा कि जब आप राजनीति का हिस्सा बनते हैं तो पहला विकल्प चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेना होता है। अगर पार्टी से उनसे चुनाव लडने को कहेगी तो एक समर्पित कार्यकर्ता होने के नाते वो लोगों के बीच में जाएंगे। पुलिस अधिकारी के तौर पर उन्होंने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन किया।
उन्हें वर्दी अब भी पसंद है। मैंने अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाई, बीच रास्ते में पुलिस की नौकरी नहीं छोडी। पटनायक ने कहा कि ये उनके लिए अलग तरह का अनुभव सिर्फ इतना होगा कि अब वो लोगों के दिक्कतों के बारे में बिना किसी बंधन के बात कर सकते हैं। अरुप पटनायक ने कहा कि उनके दिमाग में सबकुछ साफ था कि रिटायर होने के बाद वो कॉरपोरेट जगत का हिस्सा नहीं बनेंगे। जब ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने उनसे पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया तो वो खुद को रोक नहीं सके। गौरतलब है कि 2015 में पटनायक महाराष्ट्र राज्य पुलिस हाउसिंग और वेल्फेयर कोऑपरेशन के डीजी पद से रिटायर हुए थे। 1979 बैच के आईपीएस अधिकारी पटनायक को 2011में मुंबई पुलिस का मुखिया बनाया गया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे