मुख्यमंत्री ने जनपद झांसी में किया परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 17 अप्रैल 2018, 1:02 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा। बुंदेलखंड में विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। बुंदेलखंड की ऊर्जा का उपयोग देश व प्रदेश के विकास के लिए किया जाएगा। इस क्षेत्र में ऊर्जा और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इस क्षेत्र का सही सदुपयोग किया होता, तो आज यहां के नागरिकों को पलायन नहीं करना पडता। बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता थी, किन्तु इनको उचित मंच नहीं दिया गया।

मुख्यमंत्री जनपद झांसी के क्राफ्ट मेला ग्राउण्ड में विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र को सभी बुनियादी सुविधाएं मिलें, इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस क्षेत्र के तेजी से विकास के लिए डिफेंस कॉरिडोर की महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में डिफेंस कॉरिडोर के लिए ठोस कार्य योजना बनाकर समयबद्ध ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने मूल एजेण्डे में गरीब, किसान, नौजवान एवं महिलाओं के आर्थिक उत्थान व उनके सम्पूर्ण विकास के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विकास और सुशासन को ध्यान में रखते हुए गरीबों के हित में अनेक योजनाएं लागू की हैं। इसी क्रम में उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, डिफेंस कॉरिडोर, फूड प्रोसेसिंग आदि योजनाएं चलाई जा रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 3421 लाख रुपए की 4 परियोजनाओं का लोकार्पण व 8205 लाख रुपए की 33 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दो एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। इसके अलावा, झांसी में एक रेलवे कारखाना भी स्थापित होगा। फूड प्रोसेसिंग के माध्यम से किसानों की आय को दोगुना करने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा बुंदेलखंड के 7 जिलों की समस्याओं से सम्बन्धित बैठक कर ली गई है। सभी महत्वपूर्ण समस्याओं का निदान एक समय सीमा के अन्दर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्नाप्रथा व पेयजल की समस्या से ठोस रणनीति तैयार करते हुए पूरी गम्भीरता से निपटा जाएगा।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने के लिए डिफेंस कॉरिडोर की घोषणा की। इसके माध्यम से रोजगार बढ़ेगा। केन्द्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने कहा कि आज का दिन बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बुंदेलखंड गरीबी के अभिशाप से पीड़ित था, इसको दृष्टिगत रखते हुए झांसी में डिफेंस कॉरिडोर के विकास का निर्णय लिया गया। डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश होगा। इससे लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा।


ये भी पढ़ें - यहां पति के जिंदा रहते महिलाएं हो जाती हैं विधवा

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल, सेवायोजन एवं श्रम राज्यमंत्री मनोहरलाल मन्नु कोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


ये भी पढ़ें - श्मशान में सजी महफिल, बार-बालाओं ने लगाए ठुमके