यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में दुष्कर्म : बसपा नेता के पुत्र सहित दो को जेल

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 16 अप्रैल 2018, 5:18 PM (IST)

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती गाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बसपा नेता के बेटे और उसके दोस्त को सोमवार को जेल भेज दिया है। आपको बता दें कि दादरी के बसपा नेता एवं नगरपालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़े अयूब मलिक के बेटे पर यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती गाड़ी में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा। बसपा नेता के आरोपी बेटे को उसके साथी के साथ पुलिस ने आज जेल भेज दिया है।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दोनों आरोपी को कल गिरफ्तार कर लिया गया था। इन दोनों ने होंडा सिटी कार के शीशों को काले कपड़े से ढक दिया गया था। इसके बाद तेज आवाज में म्यूजिक चलाने लगे, जिससे युवती की आवाज बाहर किसी को सुनाई न दे।

पीडि़ता मेरठ की निवासी है। शनिवार शाम जब युवती ऑफिस से घर के लिए निकली और आरोपियों ने उसे घर छोडने की बात कहकर कार में बैठा लिया। इसके बाद नोएडा से मथुरा तक युवती के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किया। पीडि़ता ग्रेटर नोएडा में काम करती है। शनिवार शाम पांच बजे जब ऑफिस से निकली तो इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में काम करने वाला सलमान उसे होंडा सिटी कार के साथ मिला। सलमान ने उसे घर छोडऩे की बात कहकर कार में बैठा लिया।

युवती और सलमान की दोस्ती 15 दिन पहले ही हुई थी और वह उसे पहले भी घर छोड़ चुका था। वारदात के दिन आरोपी सलमान ने युवती को कार में बैठाने के बाद अपने दोस्त साजिद को भी फोन कर बुला लिया। इसके बाद दोनों कार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर ले गए। जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों ने एक्सप्रेस-वे पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे