पावंटा साहिब को सहारनपुर रेलवे लाइन से जोड़ने का मामला केंद्र से उठाया जाएगा : मुख्यमंत्री

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 15 अप्रैल 2018, 10:42 AM (IST)

शिमला। प्रदेश सरकार पावंटा साहिब को सहारनपुर रेलवे लाइन से जोड़ने का मामला केन्द्र सरकार से उठाएगी, ताकि न केवल पावंटा क्षेत्र रेलवे लाइन से जुड़ सके, बल्कि समूचे सिरमौर जिले में औद्योगिक विकास सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी सिरमौर जिला के पावंटा साहिब में ‘हिमाचल प्रदेश चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इन्डस्ट्रीज’ के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज समाप्त होने तथा जीएसटी लागू होने से हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में औद्योगिक विस्तार के लिए नई चुनौतियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए अनेक सुविधाएं जैसे उत्तरदायी एवं पारदर्शी प्रशासन, औद्योगिक शांति, प्रशिक्षित श्रम शक्ति तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार न केवल नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने को बढ़ावा देगी, बल्कि पुरानी इकाइयों के विस्तार को भी प्रोत्साहित करेगी। सरकार व निवेशकों के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री को इस अवसर पर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 11 लाख रुपए का चेक भी भेंट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पावंटा साहिब बार एसोसिएशन के सदस्यों से बातचीत की। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन के पुस्तकालय के लिए पुस्तकें तथा अन्य फर्नीचर खरीदने के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की।

इस मौके पर विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, सांसद वीरेन्द्र कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भारतीय जनता पार्टी के महासचिव चन्द्र मोहन ठाकुर व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे