महाराष्ट्र में कठुआ, उन्नाव गैंगरेप के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 15 अप्रैल 2018, 08:36 AM (IST)

मुंबई। उन्नाव और कठुआ की शर्मनाक दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी की महाराष्ट्र इकाई आज मुंबई समेत पूरे प्रदेश में मोमबत्ती जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम ने सुबह छह बजे उपनगरीय इलाके में प्रदर्शन की अगुवाई की। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण ठाणे में सुबह सात बजे इसी प्रकार का मार्च निकाला। साथ ही, प्रदेश के सभी जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता मोमबत्ती जुलूस निकालकर जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसके बाद उसकी हत्या तथा उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक युवती के साथ दुष्कर्म का विरोध कर रहे है। दोनों घटनाओं ने देश को हिलाकर रख दिया है।

इससे पहले चव्हाण ने कहा, जब से भारतीय जनता पार्टी केंद्र, राज्यों में सत्ता में आई है तब से महिला के प्रति अपराध में काफी वृद्धि हुई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार ने समाधान का कोई उपाय नहीं किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा की अगुवाई में सरकार बनने के बाद से महिलाओं और लड़कियों के प्रति अपराध में 36 फीसदी इजाफा हुआ है। निरूपम ने कहा कि मोमबत्ती जुलूस से पीडि़त व उनके परिवारों के साथ एकजुटता की भावना प्रदर्शित होगी और महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार को रोकने में सरकार की विफलता दर्शाई जाएगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे