आज भी हमें भगवान श्रीकृष्ण की जरूरत है : चतुर्वेदी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 अप्रैल 2018, 10:16 PM (IST)

जयपुर। जयपुर के सरस संकुल ऑडिटोरियम में वरिष्ठ आईएएस और अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दीक्षित द्वारा लिखित पुस्तक कृष्ण गोपेश्वर का पूर्व प्रकाशन समारोह आयोजित हुआ। समारोह का आयोजन जयपुर डायलॉग्स फोरम की ओर से किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी और आईएएस संजय दीक्षित ने कृष्ण गोपेश्वर पुस्तक की प्री लॉन्चिंग की। इस पुस्तक का प्रकाशन 18 मई को होगा। पुस्तक में श्री कृष्ण के बाल जीवन का तार्किक परिप्रेक्ष्य से बाल जीवन का चित्रण किया गया है। कृष्ण और कंस के युद्ध को एक वैचारिक लड़ाई के रूप में दिखाया गया है। एक वैचारिक लड़ाई से उत्पन्न द्वंद्व को दिखाया गया है।

समारोह के दौरान मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि श्री कृष्ण को हम एक डेमोक्रेट, एक सोशलिस्ट, एक क्रांतिकारी और एक समाज सुधारक के नाते देख सकते हैं। आज हमारे समाज में शोषण और अत्याचार हैं। आज भी हमें श्री कृष्ण की जरूरत है। श्री कृष्ण का विवेचन अलग-अलग लोगों ने अलग-अलग रूप में किया है।

समारोह के दौरान आईएएस संजय दीक्षित ने पुस्तक से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दिए। अथितियों ने लेखक दीक्षित से पूछा कि आपने श्री कृष्ण को मनुष्य के रूप में चित्रण किया है या ईश्वर के रूप में। दीक्षित ने जवाब में ईशोपनिषद के मंत्र की व्याख्या करते हुए कहा कि ईश्वर वह रूप है जो कण-कण में व्याप्त है, जैसे प्रश्नकर्ता, सभा में उपस्थित महानुभावों और मुझमें ईश्वर का रूप मौजूद है, उतना ही श्री कृष्ण का रूप मौजूद है। श्री कृष्ण योग अवस्थित थे। यानी उनके उपदेश सामान्य मनुष्य के लिए अनुकरणीय हैं, उनकी लीलाएं नहीं। उनकी लीलाओं को समझने के लिए श्री कृष्ण जैसी योगोपलब्धि चाहिए। संजय दीक्षित आरसीए अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

समारोह में दीक्षित ने श्री कृष्ण पर दो पुस्तकें और लिखने की घोषणा की। इनका नाम कृष्ण योगेश्वर और कृष्ण ज्ञानेश्वर होगा। संजय दीक्षित जयपुर डायलॉग्स फोरम के चेयरमैन भी हैं। जयपुर डायलॉग्स फोरम की ओर से लेखकों द्वारा लिखी गई पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। उसी श्रंखला में यह कार्यक्रम हुआ। इसी तरह देशभर से अच्छी पुस्तकों के विमोचन का अवसर जयपुर डायलॉग्स फोरम द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा। वहीं समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों ने कृष्ण गोपेश्वर पुस्तक की बुकिंग भी करवाई। इस दौरान सभी ने इस पुस्तक को बेस्ट श्रेणी की बताया।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

समारोह में आईएफएस डीएन पांडे, सुप्रीम कोर्ट वकील अरुणेश्वर गुप्ता, पूर्व चेयरमैन सेबी डीआर मेहता, रिटायर्ड आईएएस गोविंद शर्मा, आईएएस राजेश यादव, आकाशवाणी डॉयरेक्टर राकेश जैन, डॉ. ओमेंद्र रतनू, सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के चेयरमैन सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष राजस्थान हाईकोर्ट बार विभूतिशरण शर्मा, प्रो. राजीव सक्सेना, एसीएस रविशंकर श्रीवास्तव, डाटा इंफोसिस से अजय डाटा, जयपुर डायलॉग्स फोरम के अध्यक्ष सुनील कोठारी, सचिव पंकज जोशी, संयुक्त सचिव राजकुमार शर्मा और सीओओ प्रकाश टेकवानी सहित व्याख्याता, शोधार्थी, विद्यार्थी और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आंनद व्यास ने किया।


ये भी पढ़ें - ...और टोटके से दूर हो गया जानवरों का रोग!