राष्ट्रमंडल खेल (बैडमिंटन) : पोनप्पा-रेड्डी ने कांस्य किया अपने नाम

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 अप्रैल 2018, 5:30 PM (IST)

गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया)। भारत की अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन शनिवार को बैडमिंटन के महिला युगल वर्ग का कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की सेतयाना मापासा और ग्रोन्या सोमरविले की जोड़ी को 47 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 21-19, 21-19 से मात दी।

पोनप्पा और रेड्डी ने पहले गेम की शुरुआत अच्छी की और ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने भी उनके आक्रामक खेल का कड़ा जवाब दिया लेकिन भारतीय जोड़ी ने 11-9 की बढ़त बना ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाडिय़ों ने गेम में वापसी की और स्कोर 14-14 से बराबर कर दिया लेकिन भारतीय जोड़ी ने फिर से 18-14 की बढ़त बना ली और अंतिम क्षणों में उन्होंने अपना संयम नहीं खोया और गेम को 21-19 से अपने नाम किया।

यह गेम 23 मिनट तक चला। दूसरे गेम में दोनों में से कोई भी जोड़ी हार मानने को तैयार नहीं थी और मुकाबला काफी कड़ा रहा। ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने शुरुआत में 4-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद, वह अपी बढ़त को 11-9 तक ले गए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

ब्रेक के बाद भारत ने जोरदार वापसी करते हुए 13-12 की बढ़त बनाई और उसे 16-15 तक ले गए। पहले गेम की तरह इस गेम के अंत में भी भारतीय खिलाडिय़ों का अनुभव काम आया और उन्होंने 21-19 से जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा किया। इस बीच, भारत के एचएस प्रणॉय शनिवार को यहां 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन में पुरुष एकल स्पर्धा के कांस्य पदक के मुकाबले में हार गए। प्रणॉय को इंग्लैंड के राजीव ओउसेफ ने 21-17, 23-25, 9-21 से हराया। यह मैच एक घंटा पांच मिनट चला।

ये भी पढ़ें - T20 सीरीज : टीम इंडिया में रैना की वापसी, इन 5 की छुट्टी