राष्ट्रमंडल खेल (कुश्ती) : विनेश और सुमित ने भी मारी बाजी, भारत के 23 स्वर्ण

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 अप्रैल 2018, 2:14 PM (IST)

गोल्ट कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया)। भारतीय पहलवान विनेश फोगाट व सुमित मलिक ने भी यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन कुश्ती में स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। भारत के अब कुल 52 पदक (23 स्वर्ण, 13 रजत, 16 कांस्य) हो गए हैं। आज इन दोनों पहलवानों से पहले मुक्केबाज गौरव सोलंकी व मैरी कॉम, निशानेबाज संजीव राजपूत व जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण जीता था। भारत अभी पदक तालिका में तीसरे स्थान पर है।

ऑस्ट्रेलिया पहले और इंग्लैंड दूसरे स्थान पर काबिज हैं। विनेश ने महिलाओं की फ्री स्टाइल कुश्ती की 50 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। विनेश ने कनाडा की जेसिका मैक्डोनाल्ड को 13-3 से मात देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। विनेश ने आते ही जेसिका को कब्जे में लिया और पटखनी देते हुए चार अंक हासिल किए। उन्होंने अगले दांव में भी चार अंक लिए।

इस बीच जेसिका ने भी दो तीन अंक लिए लेकिन विनेश ने अपने अंकों के अंतर को बनाए रखा और अंतर को 10 तक पहुंचा दिया। इस बीच जेसिका के कोच ने चैंलेज किया और विनेश की 10 अंकों की बढ़त को कम कर दिया। हालांकि दूसरे राउंड में विनेश ने अंकों के अंतर को एक बार फिर 10 तक पहुंचा दिया और यहीं रेफरी ने विनेश को तकनीकी तौर पर विजेता घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पुरुष वर्ग में पहलवान सुमित मलिक ने भारत के खाते में एक और स्वर्ण पदक डाल दिया। सुमित को शनिवार को पुरुषों की फ्री स्टाइल कुश्ती के 125 किलोग्राम भारवर्ग में नाइजीरिया के सिनिवेई बोल्टिक से भिडऩा था, लेकिन नाइजीरियाई खिलाड़ी ने सुमित को वॉकओवर दे दिया और इसी के साथ सुमित ने स्वर्ण अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें - आपके फेवरेट क्रिकेटर और उनकी लग्जरी कारें....