राष्ट्रमंडल खेल (भाला फेंक) : नीरज ने स्वर्ण जीत रचा इतिहास, भारत के 48 पदक

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 अप्रैल 2018, 12:03 PM (IST)

गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया)। नीरज चोपड़ा ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन शनिवार को भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाल दिया। नीरज ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। वहीं इसी स्पर्धा में एक और भारतीय विपिन कशाना पांचवें स्थान पर रहे। नीरज ने फाइनल में 86.47 मीटर की दूरी तय करते हुए सोने का तमगा हासिल किया।

स्पर्धा का रजत पदक आस्ट्रेलिया के हेमिश पीकॉक के नाम रहा, जिन्होंने 82.59 की दूरी तय की। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 82.20 की दूरी तय कर कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रहे। विपिन ने 77.87 की दूरी तय करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। भारत के अब कुल 48 पदक (21 स्वर्ण, 13 रजत, 14 कांस्य) हो गए हैं।

आज नीरज से पहले मुक्केबाज गौरव सोलंकी व मैरी कॉम और निशानेबाज संजीव राजपूत ने स्वर्ण तथा मुक्केबाज अमित व मनीष कौशिक ने रजत पदक जीता था। भारत अभी पदक तालिका में तीसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया पहले और इंग्लैंड दूसरे स्थान पर काबिज हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे