उन्नाव गैंगरेप केस: बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर को CBI ने किया अरेस्ट

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 अप्रैल 2018, 10:29 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को आखिरकार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार कर लिया है। माना जा रहा है कि सेंगर की गिरफ्तारी चहूं ओर दिख रही सख्त के बाद ही हुई है। सीबीआई ने शुक्रवार तडक़े आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को हिरासत में ले लिया था। इस पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्नाव गैंगरेप के मामले में विधायक को हिरासत में न लेकर गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी साफ-साफ कहा था कि दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और देश की जिन बेटियों के साथ अन्याय हुआ है, उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।

जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ और उत्तर प्रदेश के उन्नाव की घटनाओं पर मचे बवाल के बाद मोदी ने कहा, देश में जिन घटनाओं पर पिछले दो दिनों से चर्चा हो रही है, वे सभ्य देश के लिए अच्छा नहीं हैं। यह शर्मनाक है। यहां आंबेडर राष्ट्रीय स्मारक के उद्घाटन के मौके पर मोदी ने कहा, यह स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए शहादत दी। बतौर समाज व देश हम शर्मसार हैं। उन्होंने कहा, देश या राज्य के किसी भी हिस्से में ऐसी घटनाएं मानवता को उद्वेलित करती हैं। मैं देश को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि कोई दोषी बच नहीं पाएगा। इंसाफ होगा। पूर्ण रूपेण न्याय होगा। बेटियों को इंसाफ मिलेगा। हमें साथ मिलकर इस बुराई को समाज से समाप्त करना होगा।

आपको बता दें कि उन्नाव सामूहिक दुष्कर्म मामले में विधायक को हिरासत में लेकर उन्हें सीबीआई कार्यालय लाया गया है, जहां उससे करीब 15 घंटे पूछताछ की गई। भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर किशोरी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। कुलदीप सिंह सेंगर से सुबह पांच बजे से ही पूछताछ चल रही है। पूछताछ के दौरान सही जानकारी नहीं मिलने पर सीबीआई सेंगर को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई उन्हें रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश कर सकती है।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने मामले की पूरी जांच सीबीआई को सौंप दी थी। मामले में गुरुवार को विधायक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। उच्च न्यायालय ने पुलिस की निष्क्रियता और अभियुक्तों को बचाने की कोशिश पर तल्ख टिप्पणी करते हुए गुरुवार को कहा था कि इस मामले से साफ है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया है, जिसे शुक्रवार दोपहर दो बजे सुनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे