राष्ट्रमंडल खेल (एथलेटिक्स) : ब्लैक को कांस्य से करना पड़ा संतोष

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 10 अप्रैल 2018, 2:24 PM (IST)

गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया)। दिग्गज फर्राटा धावक जमैका के योहान ब्लैक को सोमवार को यहां जारी राष्ट्रमंडल खेल के 21वें संस्करण की पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। जमैका के इस दिग्गज धावक से उम्मीद थी की वे स्वर्ण पर कब्जा जमाएंगे, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के अकानी सिमबिने ने ऐसा नहीं होने दिया। अकानी ने 10.03 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

स्पर्धा का रजत दक्षिण अफ्रीका के ही हेनरिको ब्रूइनटेजिएस के नाम रहा जिन्होंने 10.17 सेकेंड में रेस पूरी की। ब्लैक ने रेस पूरी करने के लिए 10.19 सेकेंड का समय लिया। ब्लैक दो बार के ओलंपिक और दो बार के विश्व चैंपियनशिप के विजेता हैं। वे जमैका के ही उसेन बोल्ट के बाद सबसे तेज फर्राटा धावक हैं। महिलाओं की 100 मीटर रेस में त्रिनिडाड एंड टोबेगो की मिशेल ली आहये ने सोना जीता। जमैका की क्रिस्टिना विलियम्स को रजत व गेयोन इवांस को कांस्य पदक मिला।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

राष्ट्रमंडल खेल (लॉन-बॉल) : भारत के हाथ लगी निराशा

गोल्ड कोस्ट।
भारत को यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को छठे दिन लॉन-बॉल में निराशा हाथ लगी है। पुरुष एकल वर्ग में जहां कृष्णा जाल्सो को हार का सामना करना पड़ा, वहीं महिला युगल वर्ग में लवली चौबे और रूपा रानी तिर्के को भी हार का सामना करना पड़ा। कृष्णा ने पुरुष एकल वर्ग के सेक्शन-ए राउंड-3 में पहले फीजी के अरुण कुमार को 21-11 से मात दी थी, लेकिन राउंड-4 में उन्हें जमैका के एंड्रयू नेवेल ने 21-18 से हरा दिया।

महिला युगल वर्ग के सेक्शन-ए राउंड-2 में लवली और रूपा की जोड़ी ने जर्सी की रैचेल मेक्डोनल्ड और क्रिस्टिन ग्रिमेस की जोड़ी को 22-12 से मात दी। भारतीय जोड़ी को हालांकि, राउंड-3 के मैच में नॉर्थन आयरलैंड की जोड़ी कैथरीन बेटी और सैंड्रा बेली ने 15-14 से हराया।

ये भी पढ़ें - T20 सीरीज : टीम इंडिया में रैना की वापसी, इन 5 की छुट्टी