विधानसभा चुनावों में महत्त्वपूर्ण रहेगी आईटी विभाग की भूमिका : मालवीय

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 08 अप्रैल 2018, 10:25 PM (IST)

जयपुर। भाजपा आईटी विभाग की एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई। कार्यशाला में आईटी विभाग के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने आईटी तथा संगठन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला के दौरान अप्रैल एवं मई में संभाग स्तर पर ऐसी कार्यशालाएं आयोजित करने तथा इसमें विधानसभा, मंडल तथा बूथ स्तर पर आईटी कार्यकर्ताओं को तैयार करने का निर्णय लिया गया। मालवीय ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आईटी विभाग की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहेगी। विभाग के प्रत्येक कार्यकर्ता को गंभीरता के साथ कार्य करना होगा तथा पार्टी की रीति-नीति के अलावा केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि आईटी विभाग का कार्यकर्ता एक सिपाही की तरह कार्य करे और पार्टी रूपी गढ़ की सुरक्षा का दायित्व ले। मालवीय ने कहा कि आज 65 प्रतिशत आबादी युवाओं की है तथा युवाओं में सोशल मीडिया अत्यंत लोकप्रिय है। इसे ध्यान रखते हुए सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा सटीक, तथ्यात्मक एवं सारगर्भित तथ्यों के माध्यम से सरकार की छवि बनाने के प्रयास हों। उन्होंने आगामी छह महीनों के समय को आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं के लिए परीक्षा की घड़ी बताया तथा कहा कि इस परीक्षा में उनका उत्तीर्ण होना काफी हद तक पार्टी की सफलता की ओर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश और जिले के पदाधिकारियों ने जो गुर सीखे हैं, निचले स्तर के कार्यकर्ताओं को भी इसकी जानकारी दें। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि आईटी विभाग को श्रृंखलाबद्ध रूप से मजबूती प्रदान की जाए। एक-एक कार्यकर्ता, नए ऊर्जावान युवाओं को जोड़ें और विभाग को बूथ स्तर तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि आईटी विभाग संगठन का महत्त्वपूर्ण अंग है। संगठन को आईटी विभाग से अपार अपेक्षाएं हैं। विभाग के कार्यकर्ता इन अपेक्षाओं पर खरे उतरें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आईटी के माध्यम से प्रचारित किया जाए। कार्यशाला के दौरान विभाग द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी छह महीनों की कार्ययोजना का निर्धारण किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने कहा कि संभाग स्तरीय कार्यशालाओं की रूपरेखा का निर्धारण शीघ्र ही कर दिया जाएगा। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया तथा कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाए।

ये भी पढ़ें - माता का चमत्कार: आपस में लड पडे थे पाक सैनिक....

विभाग द्वारा सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, फ्लेगशिप योजनाओं तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा क्रिएटिव, इंफोग्राफिक्स, लघु वीडियो फिल्म्स आदि का उपयोग करते हुए सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं तक जानकारी पहुंचाई जा रही है। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारम्भ किया। कार्यशाला का प्रारम्भ वंदेमातरम् गीत तथा समापन जन-गण-मन से हुआ।

ये भी पढ़ें - शर्त या पागलपंथी!निगली एक फुट लंबी संडासी

कार्यशाला में मीडिया संपर्क प्रमुख आनंद शर्मा, मॉनीटरिंग टीम प्रमुख एवं पूर्व प्रदेश मीडिया संयोजक विमल कटियार, हीरेन्द्र कौशिक, रेसी शर्मा, मंयक जैन सहित सभी जिला संयोजक एवं सहसंयोजक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - वचन निभाने को लड़ते हुए दो बार दी थी इस वीर ने जान!