कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बाएं हाथ के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क दाएं पैर में चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज टॉम कुरन उनका स्थान लेंगे। वे पहली बार आईपीएल में नजर आएंगे। 23 वर्षीय कुरन ने अब तक 2 टेस्ट, 8 वनडे और 6 टी20 मैच खेले हैं। इससे पहले केकेआर टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वैंकी मैसूर ने रविवार को कहा था कि टीम को स्टार्क की कमी नहीं खलेगी। टीम की जर्सी लांच के मौके पर आए मैसूर ने कहा, यह देखना हास्यास्पद है कि चोटें कैसे किसी के बस में नहीं होती हैं। सनराइजर्स के साथ हुआ, मुंबई ने कई खिलाड़ी खो दिए। बेंगलोर ने अपने खिलाड़ी खो दिए। आप उम्मीद करते हो कि ऐसा न हो, लेकिन आपको तैयार रहना पड़ता है। इसलिए ईमानदारी से कहूं तो यह बड़े नामों की बात नहीं है। उन्होंने कहा, वर्ष 2012 में किसी ने सुनील नरेन के बारे में नहीं सुना था। वे आईपीएल में आए और तूफान मचा गए। ऐसा कुछ भी हो सकता है। मैं हमेशा से मानता हूं कि हर बुरी स्थिति में एक मौका होता है। ऐसा भी हो सकता है कि कोई और आपको हैरान कर दे। हम निराश हैं, लेकिन ज्यादा नहीं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
स्टार्क शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में चोट के कारण बाहर हो गए थे। कोलकाता ने स्टार्क को 9.4 करोड़ रुपए में खरीदा था। मैसूर ने कहा कि हमारे पास मिशेल जॉनसन के रूप में कई विकल्प हैं। उन्होंने ज्यादा आईपीएल मैचों में खेले हैं और दो बार चैम्पियनशिप जीती हैं। वे शानदार खिलाड़ी हैं। ऐसी खबरें हैं कि वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर कोलकाता में आ सकते हैं। उन्होंने कहा, हम इस पर काम कर रहे हैं। हम काफी करीब हैं। अगले 24 घंटों में हमारे पास स्टार्क का विकल्प मौजूद होगा। कोलकाता आईपीएल में अपना पहला मैच आठ अप्रैल को ईडन गार्डंस स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ खेलेगी।
ये भी पढ़ें - ये हैं IPL इतिहास के 10 सबसे महंगे क्रिकेटर, कोई पैसा वसूल तो कोई...