भाजपा के आंदोलन के शिकार "शक्तिमान" ने दम तोडा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 20 अप्रैल 2016, 6:51 PM (IST)

देहरादून। दुनियाभर में सुर्खियां बटोरने वाले उत्तराखंड पुलिस बल के घोडे शक्तिमान की बुधवार को मौत हो गई। देहरादून में 14 मार्च को भाजपा के विधानसभा घेराव के दौरान भीड नियंत्रित करते समय निरीह,बेजुबान घोडे शक्तिमान की टांग टूट गई थी।

शक्तिमान की टांग तोडने के आरोप में भाजपा विधायक गणेश जोशी और भाजपा के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। विधायक जोशी इन दिनों जमानत पर हैं। भाजपा की 14 मार्च की रैली के दौरान शक्तिमान पर लाठियों से हमले के आरोप में भाजपाइयों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। गंभीर रूप से घायल शक्तिमान के इलाज के लिए विदेश से भी डॉक्टर बुलाए गए थे। हालत में काफी सुधार भी हो गया था और उसको विदेश से मंगाए गए कृत्रिम पैर के सहारे खडा किया गया था।

इस मामले में बॉलीवुड की हस्तियों और दुनियाभर के पशुप्रेमियों ने भाजपा विधायक के खिलाफ रोष व्यक्त किया था। पुलिस के अनुसार शक्तिमान का वजन लगभग चार कि्वंटल से ज्यादा था। एक ही पैर पर ज्यादा वजन पडने के कारण उसकी हड्डियां टूटने लगी थीं।

बुधवार शाम पुलिस लाइन के अस्तबल में शक्तिमान ने दम तोड दिया। सूचना मिलने पर पूर्व सीएम हरीश रावत पुलिस लाइन पहुंच गए। शक्तिमान की मौत पर पशुप्रेमियों और पुलिस अफसरों और कर्मचारियों ने दुख व्यक्त किया और पुष्पांजलि अर्पित करने वालों की कतार लग गई।