बैंको को लगाया चूना, विजय माल्या करेंगे तीसरी शादी!

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 29 मार्च 2018, 7:37 PM (IST)

नई दिल्ली। बैंकों को करीब 9 हजार करोड रुपए का चूना लगाकर देश छोड भागा किंगफिशर कंपनी का मालिक विजय माल्या एक बार चर्चाओं में है। लेकिन इस बार उनकी सुर्खियों में आने की वजह है उनकी तीसरी शादी। जी हां, 62 वर्षीय विजय माल्या गर्लफ्रेंड पिंकी लालवानी से शादी कर सकते हैं, जिनके साथ वह पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में हैं। पिंकी लालवानी किंगफिशर एयरलाइन की पूर्व होस्टेस है। हालांकि अभी उसकी शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दोनों रहते हैं एक साथ...
खबरों के अनुसार, कहा जा रहा है कि विजय माल्या और पिंकी लालवानी लिव इन रिलेशन में रहते हैं। पिंकी साल 2016 में माल्या के साथ देश छोडक़र लंदन भाग गई थी और तभी से दोनों साथ रह रहे हैं। उन्होंने हाल ही में लिव इन में रहने की तीसरी सालगिरह मनाई। वे दोनों लंदन के हर्टफोर्डशायर स्थित बंगले में रहते हैं।
पहली पत्नी थीं समीरा माल्या...
कोलकाता में पैदा हुए माल्या के पिता विठ्ठल माल्या देश के जाने-माने कारोबारी थे। वहीं, उनकी मां का नाम ललिता रमैया था। विजय माल्या की 2 शादी हो चुकी हैं। उनकी पहली पत्नी का नाम समीरा माल्या है, जो कि उस समय एयर इंडिया एयरलाइंस की एयर होस्टेस थीं। कुछ सालों के बाद दोनों का तलाक हो गया। सिद्धार्थ माल्या समीरा विजय माल्या की ही संतान है। माल्या ने दूसरी शादी 1993 में अपनी बचपन की दोस्त रेखा से की।
दोस्त की बीवी से की थी शादी...
विजय माल्या ने बेंगलुरु में रेखा से शादी की। रेखा और विजय दोनों की ही यह दूसरी शादी थी। रेखा के पहले पति मिस्टर महमूद, विजय माल्या के अच्छे दोस्त थे और पहले पति से रेखा ने एक लडकी लैला को जन्म दिया था। जिसे बाद में विजय माल्या ने गोद ले लिया था। गोद लेने के बाद लैला महमूद लैला माल्या कहलाने लगी। दूसरी शादी के बाद रेखा ने विजय माल्या के साथ भी दो लड़कियों को जन्म दिया। जानकारी के मुताबिक, रेखा माल्या अपनी दोनों लड़कियों लीना माल्या और तान्या माल्या के साथ ज्यादातर अपने कैलिफोर्निया वाले घर में ही रहती हैं।
लंदन में रह रहा है माल्या...
बता दे, विजय माल्या पर भारतीय बैंकों के 9 हजार करोड रुपए लूटने का आरोप है। बैंकों को पैसा नहीं चुकाने पर यह देश छोडकर लंदन भाग गया है, जहां वह काफी समय से रह रहा है। हालांकि भारत सरकार माल्या को देश के हवाले करने के लिए कई बार ब्रिटेन सरकार से बातचीत कर चुकी है, लेकिन वहां की सरकार माल्या को नहीं सौंप रही हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि माल्या पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के 1600 करोड और पंजाब नेशनल बैंक के 800 करोड रुपए बकाया हैं। इसके अलावा बाकी रकम 14 बैंक की है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे