राजस्थान ने लिखी विकास की नई इबारत: मुख्यमंत्री

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 29 मार्च 2018, 3:47 PM (IST)

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान दिवस (30 मार्च) पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राजे ने अपने संदेश में कहा कि हमारे प्रदेश का गौरवशाली इतिहास व यहां के कण-कण में रची-बसी साहस, त्याग और बलिदान की गाथाएं हमें गर्व की अनुभूति कराती हैं। राजस्थानियों ने अपनी मेहनत, लगन व कौशल से प्रदेश का नाम ऊंचा किया है। किसी भी राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए यह आवश्यक है कि वहां के लोग सरकार की विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदार बनें। राजस्थान के कर्मशील लोगों ने यह काम बखूबी किया है। इसी का परिणाम है कि राजस्थान आज विकास की नई इबारत लिख रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भामाशाह, मुख्यमंत्री जलस्वावलम्बन, कौशल विकास, आईटी में नवाचार जैसी योजनाओं और कार्यक्रमों से प्रदेश को पूरे देश में एक अलग पहचान मिली है। हमारी अनेक योजनाओं व कार्यक्रमों का अन्य राज्य अनुसरण कर रहे हैं।

शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, कृषि, ऊर्जा, उद्योग, जल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक एवं दूरगामी सुधारों से राज्य के विकास को नई गति मिली है। राजे ने सरकार के विकास कार्यक्रमों में सहभागी बनने के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे