हर भाजपा कार्यकर्ता की इच्छा, प्रदेश में भाजपा सरकार रिपीट हो - अविनाश राय खन्ना

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 28 मार्च 2018, 3:01 PM (IST)

जयपुर । राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा है कि प्रदेश के हर भाजपा कार्यकर्ता की इच्छा है कि राजस्थान में भाजपा की सरकार रिपीट हो। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जयपुर प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से यही फीडबैक मिला है कि प्रदेश सरकार अच्छा कार्य कर रही है, और आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता तैयार है।
उन्होंने कहा कि सभी विधायकों से भी यह अपेक्षा की जा रही है कि वह संगठन के साथ मिलकर तेजी से कार्य करें। खन्ना ने बताया कि हर बूथ पर एक पन्ना कार्यकर्ता है और एक पन्ने पर 60 वोटर है। इसके बाद अब एक कार्यकर्ता की भी जिम्मेदारी इस कार्य के लिए तय की गई है कि पन्ने के तहत आने वाले मतदाताओं को राज्य सरकार की योजनाओं को लाभ मिला है या नहीं, यह जानकारी लेवें।

खन्ना ने कहा कि अभी भले ही बीते दिनों पार्टी ने अलवर, अजमेर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा उपचुनाव हारा हो, लेकिन तीन उपचुनाव की हार यह तय नहीं करती है कि विस्तारक योजना या पन्ना योजना फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि विस्तारक योजना से संगठन को काफी लाभ हो रहा है। वहीं प्रदेश के भाजपा संगठन में नेतृत्व परिवर्तन पर प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि वह प्रदेश भाजपा प्रभारी है, और उन्हें पता है कि अशोक परनामी ही प्रदेशाध्यक्ष बने रहेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे