विदेश मंत्री पर सर्वे कराकर फंसी कांग्रेस, सुषमा ने रीट्वीट कर ली चुटकी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 27 मार्च 2018, 6:45 PM (IST)

नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कांग्रेस के उस पोल वाले ट्वीट को रीट्वीट किया है जिसमें बतौर विदेश मंत्री की सबसे बड़ी विफलता को लेकर सवाल पूछा गया था। दरअसल, कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर रविवार को सवाल पूछा था कि क्या इराक के मोसुल में 39 भारतीयों की मौत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की नाकामी है। इस पर 76 प्रतिशत लोगों ने नहीं में जवाब दिया था। इसे जब सुषमा ने इसे री-ट्वीट किया तो लोगों ने भी कांग्रेस का खूब मजाक उड़ाया।

कांग्रेस ने ट्विटर पर सवाल किया था, क्या आप सोचते हैं कि इराक में मारे गए 39 भारतीय विदेश मंत्री सुषमा की बड़ी नाकामी है? इस पर 34 हजार लोगों ने जवाब दिया। 76 प्रतिशत लोगों ने नहीं और 24 प्रतिशत लोगों ने हां में जवाब दिया। कांग्रेस का इरादा भाजपा को घेरने का था। लेकिन इस पर लोगों के जवाब उम्मीद से उलट मिले।

76 प्रतिशत लोग सुषमा स्वराज के पक्ष में रहे। कांग्रेस के इस पोल पर जब नतीजे सुषमा के समर्थन में आ गए तो उन्होंने इसे री-ट्वीट कर दिया। वहीं, कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख दिव्या स्पंदना ने लिखा, बोट्स जनता पार्टी ने भले ही पोल अपने पक्ष में कर लिए हो। लेकिन मारे गए 39 भारतीयों के परिवारों से जो झूठ बोला है, उसका दर्द कम नहीं होगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे