अन्ना के सत्याग्रह में शामिल होने बहादुरगढ़ से रवाना हुए किसान

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 23 मार्च 2018, 12:16 PM (IST)

झज्जर। दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की समस्याओं के समाधान, भ्रष्टाचार और लोकपाल के मुद्दे को लेकर समाजसेवी अन्ना हजारे द्वारा किए जा रहे आंदोलन में शामिल होने बहादुरगढ़ से भी युवाओं की टीम रवाना हुई है। आपको बता दें कि अन्ना हजारे दिल्ली में शुक्रवार से सत्याग्रह शुरू कर रहे हैं। इससे पूर्व किसानों और युवाओं ने छोटूराम धर्मशाला में किसान मसीहा सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद वंदे मातरम और सर छोटूराम के जयकारे लगाते दिल्ली रवाना हुए।

इस दौरान वक्ताओं ने किसानों से कहा कि सरकार हर बार किसानों से धोखा करती रही है। इस बार धोखा बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस बार अन्ना का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। इस देश का किसान कर्ज के तले दबा हुआ है और फसल का सही भाव नहीं मिलने से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार ध्यान नहीं दे रही है। किसान अब वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, जब किसान देश का पेट पाल सकता है, तो सरकार भी बदलने की हिम्मत भी रखता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे