एक करोड़ी ईनामी भारत केसरी दंगल का शुभारंभ, तीन दिन तक चलेगा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 मार्च 2018, 8:19 PM (IST)

भिवानी। हरियाणा की खेल नगरी भिवानी की धरती पर आज धूमधाम के साथ तृतीय एक करोड़ी ईनामी भारत केसरी दंगल-2018 का आगाज हुआ। खेल मंत्री अनिल विज के साथ हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कुश्ती टूर्नामेंट का उदघाटन किया।
गीता फौगाट, बजरंग पूनिया, विनेश, मनीषा, निर्मल बिश्नोई जैसे दिग्गज पहलवानों के साथ शुरू हुए इस कुश्ती दंगल का रोमांच खेल प्रेमियों में चरम पर दिखाई दिया। हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, रेलवे, राजस्थान, दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश की आठ टीमें इस कुश्ती दंगल में भाग ले रही हैं।

स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने इस अवसर पर कहा कि शहीद दिवस के उपलक्ष्य में हर साल एक करोड़ के ईनामी कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाता है। गुरूग्राम और अंबाला के बाद भिवानी में यह तीसरा भारत केसरी दंगल आयोजित किया जा रहा है। परंपरागत खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए हरियाणा सरकार ने एक करोड़ के पुरस्कार वाली कबड्डी प्रतियोगिता हर साल पंडित दीन दयाल उपाध्याय की याद में शुरू की है।

भारत केसरी दंगल का शुभारंभ करते हुए राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने गीता फौगाट व वेदांतिका तथा बजरंग पूनिया व निर्मल बिश्रोई के बीच हाथ मिलाकर मुकाबला शुरू करवाया। राज्यपाल ने मंच पर वरिष्ठ खिलाडिय़ों व खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। खेल विभाग के प्रधान सचिव अशोक खेमका ने प्रो. सोलंकी सहित सभी अतिथिगण का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे