'त्रिवाणी' 3 राज्यों में सांस्कृतिक धरोहर की खोज का एक प्रयास- सीएम खट्‌टर

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 मार्च 2018, 3:04 PM (IST)

चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि त्रिवाणी कार्यक्रम तीन राज्यों हरियाणा, हिमाचल प्रदेश व पंजाब में सांस्कृतिक धरोहर की खोज का एक प्रयास है। इन तीनों राज्यों में प्रतिभाशाली गायक व सामूहिक नृत्य दल निर्धारित तिथियों को अपने-अपने राज्यों में जोनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

मनोहर लाल ने आज त्रिवाणी, 2018 का चिह्न व कार्यक्रम सारिणी जारी की और त्रिवाणी के आयोजकों को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दी।

प्रतिभागियों को अपना रजिस्ट्रेशन www.trivani.in पर जाकर करना होगा, जोकि निशुल्क है। हर जोन से प्रथम विजेता अपने-अपने राज्य में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा और राज्य स्तर का प्रथम विजेता ही 10 मई को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में त्रिवाणी 2018 के मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेगा।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में आगामी 15 अप्रैल को चार जोन क्रमश: पंचकूला, करनाल, गुरुग्राम और हिसार में जोनल स्तर का मुकाबला होगा। चारों जोन के प्रथम विजेता आगामी 22 अप्रैल को चण्डीगढ़ में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

इसी प्रकार, हिमाचल प्रदेश में जोनल मुकाबले 15 अप्रैल को कांगड़ा, मंडी, नाहन व शिमला में होंगे और प्रदेश स्तरीय मुकाबला 22 अप्रैल को शिमला में होगा। पंजाब के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में जोनल स्तरीय मुकाबला भटिंडा, जालंधर, अमृतसर व पटियाला में 15 अप्रैल को और प्रदेश स्तरीय मुकाबला 22 अप्रैल को चण्डीगढ़ में होगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे