राज ठाकरे ने पूछा-किस आधार पर श्रीदेवी की पार्थिव देह को तिरंगे में लपेटा

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 19 मार्च 2018, 09:04 AM (IST)

मुंबई। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मोदी और फडणवीस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब मोदी मुक्त भारत का समय आ गया है। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए ठाकरे ने कहा कि नीरव मोदी के मुद्दे को साइडलाइन करने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत को भुनाया गया। ठाकरे ने श्रीदेवी को राजकीय सम्मान देने पर सवाल उठाते हुए कहा कि श्रीदेवी ने अपने जीवन में किया क्या कि उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया। किस आधार पर उन्हें तिरंगे में लपेटा गया। ये सरकार की सबसे बड़ी गलती थी। राज ठाकरे ने कहा कि श्रीदेवी की मौत शराब के कारण हुई थी।

आपको बता दें कि श्रीदेवी का 24 फरवरी को दुबई के एक होटल में बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद जब श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाया गया था, तब महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें राजकीय सम्मान दिया था और उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया था। भारत सरकार ने श्रीदेवी को उनके सिनेमा में योगदान के लिए साल 2013 में पद्मश्री से नवाजा था। इसी कारण श्रीदेवी को राजकीय सम्मान दिया गया था। शिवाजी पार्क की सभा में रविवार को राज ठाकरे ने कहा कि यदि भविष्य में सत्ता परिवर्तन हुआ और नोटबंदी की जांच हुई तो आजादी के बाद का यह देश का सबसे बड़ा घोटाला बनकर सामने आएगा।

राज ठाकरे ने कहा कि मोदी सरकार में बोफोर्स से बड़ा भी घोटाला हुआ है। सरकार राफेल विमानों की खरीद में हुए घोटाले को लेकर रहस्यमय ढंग से चुप्पी साधे है। मीडिया में भी इस घोटाले की खबरें नहीं आ रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह अखबारों के मालिकों को विज्ञापन बंद करने की धमकी देते हैं। क्या समाचार देना है और क्या नहीं देना, यह सरकार तय कर रही है। राज ठाकरे ने आशंका व्यक्त की कि आगामी चुनावों को देखते हुए देश में धार्मिक दंगे कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी अब तक दुनिया घूम चुके हैं लेकिन कालाधन के रूप में देश से बाहर गया एक पैसा वापस देश में नहीं आया है। उल्टे बेरोजगारों को पकौड़े बेचने की सलाह दी जा रही है। अगर पकौड़े बेचना रोजगार है, तो क्या मोदी जी बेसन जमा करने के लिए दुनिया घूम रहे हैं।

उन्होंने भारत को लगी मोदी नाम की बीमारी को दूर करने के लिए सभी पक्षों को एकजुट होना होगा। आगामी चुनाव भारत की तीसरी आजादी की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भारत को पहली आजादी 1947 में मिली। आजादी की दूसरा संघर्ष 1977 में हुआ और अब 2019 के चुनाव में भारत को मोदी से मुक्ति के रूप में तीसरी आजादी की लड़ाई लडऩे के लिए तैयार रहना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी अपने भाषण में हमला बोला। राज ठाकरे ने कहा कि फडणवीस क्लास के ऐसे मॉनिटर हैं, जो शिक्षकों को तो पसंद है लेकिन विद्यार्थियों को नहीं। उन्होंने कहा कि फडणवीस लादे गए मुख्यमंत्री है।

राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि राज्य में दलाल राज कर रहे हैं। फडणवीस ने मोदी को खुश करने के लिए महाराष्ट्र पर कर्ज का बोझ बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र से महत्वपूर्ण कार्यालयों को गुजरात ले जाया जा रहा है, ताकि यहं के लोगों के हक की नौकरियां गुजरात के लोगों को मिलें। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी मोदी केवल गुजरात के ही बन कर रह गए हैं। सरकार के पास पैसे नहीं है और सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं करके लोगों को मूर्ख बना रही है। अभिनेत्री श्रीदेवी के मृतदेह को राष्ट्रध्वज में लपेटे जाने को भी उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की गलती बताया।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे