जयपुर। कांस्टेबल भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा
में नकल कराने में एसओजी ने कुछ और गिरफ्तारियां भी की है। इस मामले में ग्राम सेवक भी पकड़ में आया है। एसओजी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सेंटर संचालकों की मिलीभगत से हरियाणा के हाईटेक गिरोह पुलिस की नाक
में दम किए हैं। मालवीयनगर के सरस्वती इंफोटेक के बाद अब हरमाड़ा स्थित
डॉल्फिन किड्स इंटरनेशनल स्कूल में गिरोह ने कम्प्यूटर सिस्टम को रिमोट
एक्सेस के माध्यम से हैक कर 300 किलोमीटर दूर हरियाणा के भिवानी से ऑपरेट
कर पेपर हल कर दिए। गिरफ्तार हो चुके आरोपियों से पूछताछ के बाद एसओजी की
टीम ने मंगलवार देर रात दबिश देकर स्कूल संचालक समेत चार आरोपियों को और
गिरफ्तार कर लिया।
स्कूल संचालक रामनिवास जाट नागौर के आसलपुर डीडवाना का,
मुकेश कुमार जाट चौमूं में गोविंदगढ़ नागल कलां का, रामरतन शर्मा बरना आमेर
का और राजू उर्फ राजेन्द्र जाट सीकर का रहने वाला है। एसओजी आरोपियों से
पूछताछ कर रही है। आरोपी रामनिवास का टैगोर आईटीआई कॉलेज भी है। भिवानी में
बैठा आरोपी प्रमोद फोगाट व उसके साथी एसओजी की टीम के पहुंचने से पहले
फरार हो गए। एसअोजी की प्रारंभिक जांच में एप्टेक कंपनी की भी लापरवाही
सामने आई है। गैंग ने अभ्यर्थियों से 5-5 लाख रुपए की डील की थी।
यूं
पकड़ में आए :
एसओजी के आईजी दिनेश एमएन ने बताया कि सरस्वती इंफोटेक से
गिरफ्तार आठ आरोपियों में से एक संजय ने पूछताछ में बताया कि उसका
रिश्तेदार प्रमोद व उसके साथियों द्वारा भी डाॅल्फिन किड्स इंटरनेशनल स्कूल
सेंटर पर आने वाले अभ्यर्थियों के परीक्षा पेपर भिवानी में बैठकर हल करने
का खुलासा किया। इसके बाद वहां के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो मामला खुला।
5,359
पदों के लिए 45 दिन चलने वाली ऑनलाइन कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 7 मार्च से
शुरू हुई। राजधानी के कुल 19 में से दो सेंटरों को हरियाणा के गैंग ने
दूसरे दूसरे दिन 8 मार्च से ही हैक कर लिया। परीक्षा जयपुर, जाेधपुर,
अजमेर, अलवर, बीकानेर, झुंझुनूं, कोटा, सीकर और श्रीगंगानगर में 34 सेंटरों
पर हो रही है। राजधानी जैसी जगहों पर हैकर पुलिस को चैलेंज दे सकते हैं तो
अन्य सेंटरों के बारे में क्या कहा जाए? अधिकारी मान रहे हैं कि अन्य
गिरोह भी सक्रिय हो सकते हैं। इस परीक्षा के 16 लाख अभ्यर्थी खुद को ठगा
महसूस कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे