उपचुनाव : राहुल का BJP पर निशाना, कांग्रेस UP में नवनिर्माण के लिए तत्पर

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 14 मार्च 2018, 6:28 PM (IST)

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उपचुनावों में अपने ही घर में बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन के आगे गोरखपुर-फूलपुर में भारतीय जनता पार्टी का किला ढह गया है। दोनों ही जगहों पर जनता ने बीजेपी को दरकिनार करते हुए एसपी-बीएसपी गठबंधन पर मुहर लगाई है। गोरखपुर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच बार सांसद रहे। फूलपुर सीट केशव मौर्य के डिप्टी सीएम बनने के बाद खाली हुई थी।

उत्तर प्रदेश में उपचुनाव नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया आई है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, नतीजों से स्पष्ट है कि लोगों के बीच में बीजेपी के प्रति क्रोध है, इसलिए गैरभाजपाई उम्मीदवार को वोट दिया जा रहा है। राहुल ने लिखा कि कांग्रेस यूपी में नवनिर्माण के लिए तत्पर है, ये रातो रात नहीं होगा। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, आज के उपचुनावों में जीतने वाले उम्मीदवारों को बधाई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे