30 हजार किसानों ने मुंबई में डाला पड़ाव, सोमवार को करेंगे विधानसभा का घेराव

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 मार्च 2018, 7:36 PM (IST)

मुंबई। पूर्ण कर्जमाफी के साथ अपनी अन्य मांगों को लेकर महाराष्ट्र के नासिक से रवाना हुए हजारों किसानों ने रविवार को मुंबई में पड़ाव डाल दिया। किसानों का कारवां मुंबई से सटे आनंद नगर पहुंच गया है। किसान अब मुंबई में विधानसभा का घेराव करने की तैयारी कर रहे हैं। सोमवार को विधानसभा घेरने की योजना है। उधर, किसानों को राजनीतिक पार्टियों का भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है।

जानकारी के अनुसार किसानों से शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे और युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे ने भी मुलाकात की और उनसे उनकी मांगों के बारे में बात की। आपको बता दें कि इस मोर्चे को कांग्रेस पहले ही समर्थन दे चुकी है। वहीं एमएनएस और आम आदमी पार्टी के नेता भी किसानों से मिलने वाले हैं। आंदोलनकारी किसान सोमवार को विधानसभा का घेराव करेंगे और अपनी मांगें रखेंगे।

उधर, विधानसभा घेराव को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी पूरी तैयारियां कर ली हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार किसानों को आजाद मैदान से आगे नहीं आने दिया जाएगा। हालांकि किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए कई जगह यातायात में बदलाव भी किया गया है।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

न्यूज एजेंसी के मुताबिक नासिक से करीब 30 हजार किसान मुंबई पहुंचे हैं। किसान पूर्ण कर्जमाफी के साथ अन्य मांगों को लेकर सोमवार को विधानसभा का घेराव करेंगे। किसान सभा के अध्यक्ष डॉ. अशोक ढवले के अनुसार मोर्चे को शिवसेना, एमएनएस, आप, रिपब्लिकन पार्टी (जोगेंद्र कवाडे गुट), कुणबी सेना, आगरी सेना और कुणबी प्रतिष्ठान ने समर्थन दिया है।


ये भी पढ़ें - धुंध से परेशान हैं, हिमाचल की पहाडियों का रूख करें