ISSF विश्व कप : अखिल शोरान ने भारत को दिलाया चौथा स्वर्ण

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 मार्च 2018, 1:39 PM (IST)

ग्वाडलजारा (मेक्सिको)। भारत के पुरुष निशानेबाज अखिल शोरान ने आईएसएसएफ विश्व कप टूर्नामेंट में पुरुषों की 50 मीटर राइफल-3 पोजीशन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। अखिल ने भारत के लिए इस टूर्नामेंट का चौथा स्वर्ण पदक जीता है।

पुरुषों की इस स्पर्धा में अखिल ने 455.6 अंक हासिल किए। इस स्पर्धा में ऑस्ट्रिया के बर्नहार्द पिकल दूसरे और हंगरी के इस्तवान पेनी 442.3 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारत के एक अन्य निशानेबाज संजीव राजपूत को चौथा और स्वप्निल कुसले को छठा स्थान हासिल हुआ। संजीव को 430.9 अंक और कुसले को 407.2 अंक हासिल हुए।

इस स्पर्धा में वल्र्ड नम्बर-1 और फ्रांस के निशानेबाज एलेक्सिस रेनाउड को सातवां स्थान हासिल हुआ। इसके अलावा, हरियाणा की किशोर निशानेबाज मनु भाकेर ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भाकेर को निराशा हाथ नहीं लगी है। उन्होंने भी दो स्वर्ण पदक जीते हैं। हरियाणा की इस निशानेबाज ने महिलाओं की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा और 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सोना जीता। आईएसएसएफ विश्व कप टूर्नामेंट की पदकों की सूची में भारत चार स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर है। इस अंक तालिका में चीन दूसरे स्थान पर है। उसने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है।

ये भी पढ़ें - ये हैं IPL इतिहास के 10 सबसे महंगे क्रिकेटर, कोई पैसा वसूल तो कोई...