आज हो सकता है किरोड़ी मीणा की भाजपा में वापसी का औपचारिक एलान

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 मार्च 2018, 10:22 PM (IST)

जयपुर। बॉस इज आलवेज राइट... जो बॉस कहेंगे वही मेरे लिए मान्य होगा। मैंने मेरी बात दिल्ली तक पहुंचा दी है। केंद्रीय नेतृत्व से अभी कोई जवाब नहीं मिला है। यह कहना है राजपा नेता डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का। राजपा नेता मीणा ने यह बात रात करीब 10 बजे डॉ. रामप्रताप के बंगले से निकलने के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि राज्यसभा में जाने या अन्य किसी भी तरह की उनकी कोई शर्त नहीं है।

जानकारी के अनुसार करीब 10 साल के बाद राजपा नेता किरोड़ी लाल मीणा के भाजपा की सदस्यता लेने और राजपा का भाजपा में विलय करने के मामले में शनिवार को दिनभर बैठकें चलती रहीं। उधर दिल्ली में औपचारिकताएं पूरी करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व से कोई संकेत नहीं मिल पाने के कारण आज इस संबंध में कोई औपचारिक ऐलान नहीं हो सका और मामला रविवार तक के लिए टल गया।

इस दौरान राजपा नेता किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वे अपने घर वापस लौट आए हैं, लेकिन लेकिन सदस्यता ग्रहण करने की औपचारिता कल तक हो सकती है। अभी केंद्रीय नेतृत्व इस पर निर्णय कर रहा है। इस दौरान पत्रकारों ने करीब छह घंटे तक डॉ. रामप्रताप के बंगले पर रहने के बारे में जानकारी चाही तो उन्होंने चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि इस घर में तो वे चार साल से लगातार आ रहे हैं। ये घर डॉ. डॉक्टर रामप्रताप का है।

वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व को पूरी जानकारी दे दी है। शनिवार को केंद्रीय नेतृत्व निरंतर बैठकों में व्यस्त रहा था। बैठक समाप्त होने और औपचारिकता पूरी होने के बाद हमें जैसे ही संदेश मिलेगा। उस निर्णय के आधार पर औपचारिक ऐलान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे