भाजपा सरकार की थोथी घोषणाओं से भ्रमित नहीं होंगे धरतीपुत्र : पायलट

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 मार्च 2018, 8:57 PM (IST)

हनुमानगढ़। भाजपा सरकार के राज में प्रदेश के किसानों की जो दुर्गति हुई है, वह बेहद चिंताजनक है क्योंकि इतिहास में पहली बार राजस्थान में किसानों को आत्मघाती कदम उठाने पड़े हैं और आश्चर्य इस बात का है कि जिस प्रदेश में किसानों को इतनी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वहां की भाजपा सरकार के पास किसानों की वेदना सुनने तक का समय नहीं है। यह बात राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने बुधवार को हनुमानगढ़ शहर की धानमण्डी में आयोजित विशाल किसान-युवा संकल्प सम्मेलन में किसानों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कही।

पायलट ने कहा कि आज प्रदेश की भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ समाज के हर वर्ग में रोष है। चार वर्ष पूर्व भाजपा ने सुराज संकल्प पत्र में किसानों से बड़े-बड़े वादे कर वोट बटोर लिए, परंतु गत समय में यह साफ हो गया है कि तमाम वादे सिर्फ चुनावी जुमले थे। अपने ही वादों से मुकर भाजपा सरकार ने विश्वसनीयता खो दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पंजाब राज्य में किसानों का ऋण माफ करने का वादा किया था, जिसे सत्ता में आते ही पूरा किया गया। इसी प्रकार भाजपा शासित उत्तरप्रदेश व महाराष्ट्र में भी किसानों की कर्जा माफी कर उन्हें राहत दी गई है, जबकि इसके विपरीत प्रदेश में भाजपा सरकार ने किसानों के लिए जो घोषणाएं की हैं वे किसानों को राहत देने के स्थान पर उनका अपमान करने जैसा है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चार वर्षों तक निरन्तर किसानों व युवाओं की अनदेखी की है। अब चुनावी वर्ष में राजनीतिक लाभ को देखते हुए घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में जनता की सेवा करना नहीं बल्कि सत्ता में बने रहना है।


ये भी पढ़ें - हजारों साल और एक करोड़ साल पहले के मानसून तंत्र पर जारी है रिसर्च, जाने यहां

पायलट ने कहा कि गत चार वर्षों में कांग्रेस ने दुख की हर घड़ी में किसानों का मजबूती से साथ दिया है और इतिहास गवाह है कि कांग्रेस की सोच के केन्द्र में हमेशा किसानों के लिए प्राथमिकता रही है।


ये भी पढ़ें - यहां अंतिम विश्राम के लिए भी नहीं मिलती जगह

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश सह प्रभारी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने भी सभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जिले के बसपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।


ये भी पढ़ें - गजब का टैलेंट, पैरों से पत्थर तराश बना देते हैं मूर्तियां