अंतिम तस्वीर आई सामने, दुल्हन की तरह सजी हुई थीं श्रीदेवी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 28 फ़रवरी 2018, 3:17 PM (IST)

मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जा रही है। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ है। श्रीदेवी को अंतिम विदाई के लिए लाल रंग की बनारसी साड़ी में दुल्हन की तरह सजाया गया। श्रद्धांजलि देकर आ रहे कलाकारों के मुताबिक श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मांग भरी गई है। माथे पर लाल बिंदी और ओंठो पर लिपस्टिक भी लगी है। मोगरा के फूलों से भी सजावट की गई है। सेलिब्रेशन क्लब से तिरंगे में लपेटकर उनका पार्थिव शरीर ले जाया जा रहा है। उनकी इस अंतिम यात्रा में जिस वाहन में उनके पार्थिव शरीर को ले जाया जा रहा है, उसमें अर्जुन कपूर, बोनी कपूर और मोहित मारवाह सवार हैं। वाहन के साथ श्रीदेवी के हजारों फैन चल रहे हैं। ग्रीन एकर्स कॉम्प्लेक्स ने दिवंगत अभिनेत्री के सम्मान में होली के मौके पर मनाए जाने वाले जश्न को रद्द कर दिया है।

श्रीदेवी की इच्छा हुई पूरी

अंतिम विदाई के लिए खास तैयारी की गई। जैसी श्रीदेवी की ख्वाहिश थी बिल्कुल वैसा ही किया जा रहा है। यह श्रीदेवी की आखिरी ख्वाहिश थी कि उन्हें आखिरी विदाई सफेद फूलों के साथ ही दी जाए और यही वजह है कि उनकी आखिरी दर्शन के लिए सफेद फूलों से सजाये ट्रक को तैयार करवाया गया है। श्रीदेवी को अंतिम विदाई देने के लिए सफेद फूल से सजावट की गई है। वो ट्रक जिस पर श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रखा जाएगा उसे भी सफेद रंग से रंगा गया है।

बॉलीवुड हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

इससे पहले लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के सेलिब्रेशन स्पोट्र्स क्लब के बाहर दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के अंतिम दर्शन करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बॉलीवुड हस्तियों व जानी-मानी शख्सियतों के साथ ही हजारों आम लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीदेवी का सबसे पहले अंतिम दर्शन करने वालों में रेखा, ऐश्वर्या राय बच्चन, अरबाज खान, माधुरी दीक्षित नेने, अक्षय खन्ना, तब्बू, फराह खान, नितिन मुकेश, नील नितिन मुकेश, विद्या बालन, सुष्मिता सेन, शबाना आजमी, जावेद अख्तर, मधुर भंडारकर, दीपिका पादुकोण, संजय लीला भंसाली, फरहान अख्तर, हेमा मालिनी, जया बच्चन, जॉन अब्राहम, सुलभा आर्या, अजय देवगन और काजोल जैसी हस्तियां शामिल रहीं। अधिकांश लोगों ने काले चश्मे पहन रखे थे और हाथ में फूल या छोटा गुलदस्ता ले रखा था। वे श्रीदेवी के पारिवारिक सदस्यों को गले लगाकर सांत्वना दे रहे थे।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे