चकमा देकर बैंक ग्राहकों को लूट लेता था यह महिला गैंग, गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 28 फ़रवरी 2018, 1:27 PM (IST)

भिवानी। सिविल थाना पुलिस ने बैंक ग्राहकों को लूटने वाली तीन प्रवासी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं से 50 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। फिलहाल तीनों महिलाओं से पुलिस पूछताछ में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि इन महिलाओं से लूट की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

पुलिस गिरफ्त में आई ये महिलाएं प्रवासी महिलाएं हैं। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से मध्यप्रदेश निवासी ये महिलाएं रोहतक शहर में ठिकाना बनाए हुए हैं और गिरोह बनाकर बैंक ग्राहकों को निशाना बनाती हैं। 50 वर्षीय अनिया, 30 वर्षीय रचना तथा 25 वर्षीय रहाना नाम की ये महिलाएं 6 माह से पुलिस को चकमा देकर लापता थीं। पुलिस व बैंक कर्मचारियों की कड़ी निगरानी के बाद ये महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ी हैं।

बता दें कि ढाणा नरसाण गांव निवासी श्यामलाल 98 हजार रुपए लेकर भिवानी पीएनबी बैंक में जमा करवाने आया था। श्यामलाल लाइन में खड़ा था और जब उसकी बारी आई तो उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि उसके थैले में एक कोड़ी भी नहीं है। उसने थैले को संभाला तो पता चला कि थैले को ब्लैड से काट लिया है, वह लुट चुका है। श्यामलाल की शिकायत पर पुलिस व सिविल लाइन पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि किसी महिला ने उसकी थैली को ब्लैड से काट कर पैसे निकाल लिए हैं। श्यामलाल की शिकायत पर बैंक में लगे सीसीटीवी के आधार पर महिला की निशानदेही कर उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

सिविल लाइन थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि करीब 6 माह बाद ये महिला दोबारा बैंक में आई तो उसकी पहचान की गई और पूछताछ में उसने दो अन्य महिलाओं की पहचान करवाई। इसके बाद मध्य प्रदेश निवासी इन तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं से 50 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं और पुछताछ जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे