पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त होने की जांच करवाई जाएगी-सुरेन्द्र गोयल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 27 फ़रवरी 2018, 2:31 PM (IST)

जयपुर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री सुरेन्द्र गोयल ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में कहा कि बीकानेर विधानसभा के कोलायत तहसील के बांगडसर-बीसनोक के 9 गांव और 8 ढाणियों और नगरासर-सेवड़ा के 6 गांव और 21 ढाणियों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने वाली पाइप्ड लाइनों के बार-बार क्षतिग्रस्त होने का कारण जानने के लिए मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारी से जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसमें यदि किसी की लापरवाही पाई गई या कोई अधिकारी दोषी पाया गया उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। गोयल प्रश्नकाल में विधायकों द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा दोनों योजनाओं में दूरी से पाइप लाइनों के जरिए पेयजल पहुंचाया जाता है। पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त होने पर लाइनों को तुरंत सही करवाया जाता है।
उन्होंने कहा कि 299 करोड़ रुपए की नोखा पेयजल योजना को पूर्ववर्ती सरकार के समय लाया गया था। इस कार्य के लिए निविदा दर 391.3 करोड़ रुपए आई, जो कि कार्य की राशि से 21.14 फीसदी अधिक थी। उन्होंने कहा कि नेगोसिएशन के बाद भी कार्य के लिए 9 प्रतिशत अधिक निविदा दर आई। एल वन और एल टू से बात करने के बाद भी जब कार्य की राशि ज्यादा पाई गई तो इस योजना को निरस्त किया गया।
उन्होंने कहा कि बीकानेर तहसील के 43 43 ग्रामों को नहरी जल स्रोत से लाभान्वित करने की योजना के प्रथम चरण में 14 गांवों को 2015 से ही पेयजल योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। शेष 29 गांवों के लिए आगामी में 6 महीनों में डीपीआर तैयार करवाने के बाद इसका तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा और वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के आधार कार्यवाही की जााएगी। उन्होंने कहा कि मंत्रीमंडलीय समिति द्वारा विभाग की कुल 46 योजनाओं की समीक्षा की गई उनमें से 26 योजनाएं जो शुरू नहीं हुई थी उन्हें निरस्त किया गया। उन्होंने कहा कि कोई भी योजना राजनैतिक भेदभाव के चलते निरस्त नहीं की जाती।
इससे पहले विधायक भंवरसिंह के मूल प्रश्न का जवाब देते हुए श्री गोयल ने कहा कि बीकानेर जिले की तहसील बीकानेर एवं नोखा के दो शहर क्रमशः नोखा एवं देशनोक तथा 146 ग्रामों को इंदिरा गांधी नहर-नागौर लिफ्ट परियोजना से लाभान्वित करने के लिए बनाई गई योजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति विभागीय नीति निर्धारण समिति की 190वीं बैठक में 30 मई 2013 को 399.07 करोड़ रुपए की जारी हुई थी ।
गोयल ने कहा कि उक्त स्वीकृत योजना के कायोर्ं के निष्पादन के लिए प्राप्त निविदाओं में दरें अधिक आने के कारण विभागीय वित्त समिति की 655वीं बैठक में 11 सितंबर 2013 द्वारा निविदा प्राप्ति करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि गत सरकार के कार्यकाल के अंतिम छह महीनों में लिए निर्णयों की समीक्षा के लिए गठित मंत्रीमंडलीय समिति द्वारा उक्त परियोजना सहित 26 परियोजनाओं की स्वीकृति को निरस्त करने का निर्णय 10 अक्टूबर, 2014 को लिया गया। इस निर्णय की अनुपालना में विभागीय नीति निर्धारण समिति की 194वीं बैठक 9 दिसंबर 2014 द्वारा अन्य योजनाओं सहित उक्त योजना की स्वीकृति को निरस्त किया गया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने बताया कि नागौर लिफ्ट वृहद् पेयजल परियोजना की स्वीकृति में बीकानेर जिले के उक्त कस्बों एवं ग्रामों के लिए वर्ष 2045 की जल मांग के अनुसार नहरी जल देशनोक हैडवर्क्स पर उपलब्ध कराया जाना प्रावधित है। उन्होंने कहा कि बीकानेर जिले के उक्त कस्बों एवं ग्रामों में कलस्टर वितरण प्रणाली द्वारा पेयजल उपलब्ध कराने की योजना पर वित्तीय संसाधनों की उपलब्धतानुसार स्वीकृति एवं क्रियान्वयन बाबत अग्रिम कार्यवाही अपेक्षित है।
उन्होंने कहा कि बीकानेर तहसील के 43 ग्रामों को नहरी जल स्रोत से लाभान्वित करने के लिए इन ग्रामों की वर्ष 2045 तक की अभिकल्पित आबादी की पेयजल मांग सम्मिलित करते हुए प्रथम चरण में आधारभूत संरचनाओं के कार्य एवं 14 ग्रामों में कलस्टर वितरण प्रणाली से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई योजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति विभागीय एस.एल.एस.एस.सी. की 10वीं बैठक 17 अप्रेल 2013 द्वारा 2342 लाख रुपए की राशि जारी हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण की उक्त योजना से बीकानेर तहसील के 14 ग्रामों को माह सितम्बर, 2015 में पेयजल से लाभान्वित किया जा चुका है ।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे