ठाकुर राम सिंह राज्यस्तरीय जयन्ती समारोह मनाया

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2018, 12:57 PM (IST)

हमीरपुर(विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी तथा ठाकुर जगदेव चन्द स्मृति शोध संस्थान नेरी द्वारा संयुक्त रूप से ठाकुर राम सिंह राज्यस्तरीय जयन्ती समारोह के अवसर पर 15 फरवरी को उद्घाटन समारोह में प्रो. प्रेम कुमार धूमल मुख्यातिथि रहे।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ठाकुर रामसिंह एक प्रख्यात इतिहासविद् तथा पारम्परिक लोक संस्कृति के विद्वान थे। ठाकुर रामसिंहजी ने भारतीय इतिहास को वास्तविक घटनाओं के आधार पर लिखे जाने के लिए जन जागरण का अभूतपूर्व अभियान चलाया और इस योजना में हिमाचल प्रदेश तथा भारत के अनेक विद्वानों को इतिहास लेखन के लिए प्रेरित किया। प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि शोध संस्थान नेरी द्वारा अपनी स्थापना के कुछ ही वर्षों में पुस्तक प्रकाशन तथा साहित्य आयोजन आदि कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष प्रगति की है।

ठाकुर राम सिंह राज्यस्तरीय जयन्ती समारोह के अवसर पर शोध संस्थान नेरी के निदेशक चेतराम गर्ग ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस संस्थान द्वारा इतिहास दिवाकर शोध पत्रिका का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है। जिसमें इतिहास तथा लोक साहित्य से सम्बन्धित अनेक विषयों पर विद्वानों के शोध आलेख प्रकाशित हो रहे हैं। संस्थान द्वारा एक शोध पुस्तकालय की स्थापना भी गई है ताकि शोधार्थियों को साहित्य तथा संदर्भ ग्रन्थ उपलब्ध हो सकें। संस्थान द्वारा शोधार्थियों को छात्रवृति तथा आवासीय व्यवस्था उपलब्ध करवाए जाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ठाकुर रामसिंह द्वारा सुझाए गए विषयों के अनुरूप विभिन्न महत्वपूर्ण शोध कार्य संस्थान द्वारा प्रारंभ किए जा रहे है। इस अवसर पर उद्घाटन समारोह के अध्यक्ष तथा संस्थान के निदेशक सुदर्शन गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर का संस्थान की ओर से ठाकुर रामसिंह राज्यस्तरीय जयन्ती समारोह हिमाचल अकादमी की ओर से प्रतिवर्ष मनाए जाने की घोषणा का स्वागत किया तथा कहा कि सरकार द्वारा यह आयोजन नेरी में किया गया है यह शोध संस्थान के लिए गौरव तथा प्रसन्नता का विषय है। इस समारोह के दौरान डॉ. रमेश चन्द शर्मा ने ठाकुर रामसिंह कृतित्व एवं व्यक्तित्व विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस शोध पत्र में ठाकुर रामसिंहजी के व्यक्तित्व के विभिन्न आदर्शों का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि ठाकुर रामसिंह एक प्रख्यात इतिहासविद् थे।

उन्होंने कुछ इतिहास के उलझे हुए प्रसंगों को तथ्यों तथा प्रमाण के आधार पर नई सोच के साथ प्रस्तुत किया है। ठाकुर रामसिंह सरस्वती नदी के उद्गम तथा प्रवाह के ऐतिहासिक संदर्भों को सामने लाते हैं और तथाकथित सिकन्दर महान को त्रिगर्त क्षेत्र में एक पराजित योद्धा के रूप में प्रस्तुत करते हैं। इसी प्रकार मनाली क्षेत्र को मनु की ऐतिहासिक भूमि बताते हुए वे हिमालय क्षेत्र को सृष्टि की उत्पति का आदि स्थान बताते हैं।

लेखक संगोष्ठी के प्रथम सत्र में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न भागों के पधारे विद्वानों ने परिचर्चा में भाग लिया। जिनमें प्रमुख थे - डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. रमेश शर्मा, डॉ. ओम दत सरोच, डॉ. अंकुश भारद्वाज, दीपराम गर्ग, भूमि दत शर्मा, प्रेम सिंह भरमौरया, बलबीर राणा, इन्द्र डोगरा, डॉ. सोहणू राम आदि ने भाग लिया।


समारोह के द्वितीय सत्र में भाषा संस्कृति विभाग के संयुक्त निदेशक राकेश कोरला की अध्यक्षता में कवि सम्मेलन सम्पन्न हुआ। इस मौके पर राकेश कोरला ने कहा कि लेखक एवं कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज के सही चित्र को प्रस्तुत करते हैं तथा सामाजिक विसंगतियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए पाठकों तथा श्रोताओं का मार्गदर्शन भी करते हैं। हिमाचल अकादमी तथा शोध संस्थान नेरी द्वारा आयोजित इस कवि सम्मेलन में प्रतिभागी कवियों में प्रमुख है - मजलसी राम, ओम प्रकाश शर्मा, राजेन्द्र राजन, अशोक, शैली किरण, अदिति गुलेरी, डॉ. इन्द्र ठाकुर, संदीप शर्मा, ऋषि राम भारद्वाज, शेमशेर सिंह, चिरान्द ने हिस्सा लिया।

नेरी शोध संस्थान में रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें मस्त राम ने अपने साथियों के साथ भजन तथा झेड़े प्रस्तुत किए। इसके अलावा प्रकाश चन्द शर्मा, डॉ. लाल चन्द, डॉ. सूरत ठाकुर, आदि प्रख्यात कलाकारों ने लोक संगीत की मधुर एवं भव्य प्रस्तुतियां दी।

डॉ. कर्म सिंह सचिव हिमाचल अकादमी ने समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि 16 फरवरी 2018 को ठाकुर रामसिंह राज्यस्तरीय जयन्ती समारोह में जय राम ठाकुर मुख्यमन्त्री हिमाचल प्रदेश मुख्यातिथि होंगे। डॉ. ओम प्रकाश शर्मा ‘‘ठाकुर रामसिंह जी की इतिहास दृष्टि’’ विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे तथा डॉ. भाग चन्द चैहान, डॉ. इन्द्र ठाकुर, डॉ. सुरेश सोनी, डॉ. सुज्ञान मोहन्ती परिचर्चा में भाग लेंगे। 16 फरवरी के समारोह में डॉ. पूर्णिमा चैहान सचिव हिमाचल प्रदेश सरकार विशेष अतिथि होंगी। चेतराम गर्ग तथा किस्मत कुमार कार्यक्रम में अपना वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे