गेहूं का आटा और तेल जैसे उत्पादों को पोषक तत्वों से युक्त करने का फैसला

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 फ़रवरी 2018, 11:06 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन प्रसंघ (हैफेड) ने गेहूं का आटा और तेल जैसे अपने उपभोक्ता उत्पादों को बिक्री के लिए पोषक तत्वों से युक्त करने का निर्णय लिया है। हैफेड के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस आशय का निर्णय हाल ही में हैफेड के निदेशक मण्डल की हुई बैठक में लिया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी की समस्या से निपटने पर गम्भीरता से विचार कर रही है और इसलिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं, आंगनवाडिय़ों और मिड-डे-मील कार्यक्रम के तहत पोषक तत्वों से युक्त गेहूं का आटा और तेल वितरित करने के लिए एक फूड फोर्टिफिकेशन कार्यक्रम शुरू किया गया है। लोगों के लाभार्थ भोजन में सूक्ष्म पोषक तत्व एवं विटामिन शामिल करने के लिए फोर्टिफिकेशन प्रक्रिया आवश्यक हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार फोर्टिफिकेशन प्रक्रिया के तहत हैफेड ने महिला एवं बाल विकास विभाग, अम्बाला, कुरुक्षेत्र एवं यमुनानगर और आंगनवाड़ी (पंजीरी प्लांट),गुरुग्राम और घरौण्डा, जिला करनाल में पोषक तत्वों से युक्त तेल (सोयाबीन रिफाइण्ड आयल और कॉटन सिड रिफाइण्ड आयल) की आपूर्ति पहले ही शुरू कर दी है। हैफेड ने जिला अम्बाला के बराड़ा एवं नारायणगढ़ खण्ड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं को पोषक तत्वों से युक्त गेहूं के आटे की आपूर्ति करने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आटे को पोषक तत्वों से युक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को पोषक तत्वों से युक्त खाद्य पदार्थों के लाभ प्रदान करने के लिए हैफेड ने अपने सभी उत्पादों को पोषक तत्वों से युक्त करना अनिवार्य कर दिया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे