प्रदेश में परिवर्तन की लहर , कांग्रेस के पक्ष में जनता का रूझान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 13 फ़रवरी 2018, 4:23 PM (IST)

नूंह। हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद ने फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के गांवों का दौरा कर रुठे कार्यकर्ताओं को मनाने का दौर शुरू कर दिया है। इस मौके पर उपमंडल के गांव खेड़ा शाहपुर के ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

गांव में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों का जमकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तभी से क्षेत्र के विकास कार्य ठप हो गए हैं। उधर केंद्र सरकार की भी गलत नीतियों की वजह से देश में मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि पूरा देश अपनी बेहतरी के लिए परिवर्तन चाहता है और उसमें कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। वही क्षेत्र में कांग्रेस का नाम लेकर कुछ नेता अपना वर्चस्व को बचाने के लिए भोले भाले ग्रामीणों को कांग्रेस नेता कहकर गुमराह कर अपनी राजनैतिक जमीन को बनाने का काम कर रहे है। ऐसे लोगों ने हमेशा कांग्रेस पार्टी की पीठ में खंजर घोपने का काम किया है। उनका पार्टी से कोई लेना देना नही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नूंह जिले सहित समुचित प्रदेश का एक समान विकास करवाया था। आज उनकी बदोलत जिले में सबसे बडी आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, फिरोजपुर झिरका खंड में 33 केवीए के 5 पावर स्टेशन, फिरोजपुर झिरका में 220 केवीए पावर स्टेशन के अलावा जिले में सैंकडों गांवों की सडकों का निर्माण करवाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो व भाजपा एक थाली के चट्टे बट्टे हैं। बीते साल हुए राज्यसभा चुनावों में इनेलो विधायकों ने भाजपा के लोगों को वोट दिया था। रवा गांव में आजाद मोहम्मद के साथ दर्जनों ग्रामीणों ने इनेलो व पूर्व के नेताओं का दामन छोड़ कांग्रेस का साथ देने का ऐलान किया। पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद के लगातार दौरों और आगामी चुनावों को देखते हुए सक्रिय होने के चलते विरोधी नेताओं की नींद उड़ने लगी है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय प्रदेश में कांग्रेस का है जिसके पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक बार फिर से प्रदेश की बागडोर संभालने वाले हैं।

प्रदेश की जनता व क्षेत्र के लोगों ने कांग्रेस को सत्ता पर काबिज करने का पूरा मन बना लिया है। इस मौके पर आस मोहम्मद पूर्व चैयरमैन, सावेद सरपंच, मुफीद गोकलपुर, सगदल नम्बरदार, मौलवी यूसुफ, वसीम आजाद युवा अध्यक्ष , सलेम नम्बरदार, हामिद सरपंच, पप्पू नाहरिका, तेज सिंह पूर्व सरपंच, जफर बसई , इसहाक, बशीर, असलूप, पूर्व सरपंच किड्डू सहित काफी संख्या में कांगे्रस के नेता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे