शौच जाते समय छेड़छाड़ करने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 फ़रवरी 2018, 6:57 PM (IST)

शाहजहांपुर। जिले में छेड़छाड़, दुराचार के प्रयास से भयभीत एक दलित महिला अपने घर में ही शौच करने लगी। शौच जाते समय रास्ते में हुई छेड़छाड़ के बाद उसने बाहर जाना बंद कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मदनापुर थाना अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद ने सोमवार को बताया कि मदनापुर कस्बे की 38 वर्षीय दलित महिला 22 जनवरी को खेतों में शौच को गई थी। रास्ते में गांव के ही जौहरी ने उसे पकड़कर दुराचार का प्रयास किया। उस समय वह किसी तरह बचकर वहां से भाग निकली। इससे पूर्व भी ये आरोपी पीड़ित महिला से शौच जाते समय छेड़छाड़ करता था। इस संबंध में पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया है।

पीड़िता के पति ओमप्रकाश ने बताया कि 22 जनवरी को दुराचार के प्रयास के बाद उसकी पत्नी काफी भयभीत हो गई और घर पर ही शौच करने लगी। उसने यह शिकायत जब पुलिस से की तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मीडिया में मामला आने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छेड़छाड़, बलात्कार के प्रयास आदि की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

गौरतलब है कि मदनापुर की दलित बस्ती में शौचालय नहीं है। इस कारण महिलाएं खेतों में शौच को जाती हैंl पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे