भारत कर सकता है चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे पर हमला : पाकिस्तान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 06 फ़रवरी 2018, 08:54 AM (IST)

नई दिल्ली। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने दावा किया है कि भारत चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारो (सीपीईसी) प्रोजेक्ट पर हमला कर सकता है। पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के एक मंत्री की तरफ से कहा गया है कि भारत चीन और पाकिस्तान के बीच करोडों डॉलर की मदद से बनने वाले सीपीईसी पर काराकोरम हाईवे के पास हमला कर सकता है। डॉन ऑनलाइन को प्रकाशित खबर के मुताबिक, मंत्रालय ने गिलगिट-बालतिस्तान के गृह विभाग को एक पत्र लिखा है जिसमें चेतावनी दी गई है कि काराकोरम राजमार्ग और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं समेत सीपीईसी रूट पर संभवित आतंकी हमले हो सकते हैं। पत्र में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मुकम्मल सुरक्षा इंतजाम करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।


गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि पत्र में दावा किया गया है कि भारत ने 400 मुस्लिम युवाओं को हमले का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अफगानिस्तान भेजा है। गिलगिट-बालतिस्तान सरकार ने कहा कि उसने खुंजेरब र्दे से दियामेर जिले के काराकोरम राजमार्ग पर निर्मित दो दर्जन से ज्यादा पुलों समेत सीपीईसी रूट पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिलगिट बालिस्तान में विदेशी नागरिकों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी और उनके दस्तावेजों को जांचा जाएगा।
पत्र में कहा गया है कि काराकोरम राजमार्ग के पुलों पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और उन्हें हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। पत्र में कहा गया है कि स्थानीय पुलिस अधिकारियों को गश्ती अभियान चलाने, अतिसंवेदनशील जगहों, होटलों और गेस्ट हाउस की चेकिंग का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। सीपीईसी लिंक सडक़ों, रेलवे और राजमार्गो के नेटवर्क के जरिए चीन के शियानजिंग प्रांत के काशगर और पाकिस्तान के बलूचिस्तान के ग्वादर बंदरगाह को जोड़ता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा शुरुआत से ही भारत और चीन के लिए विवाद का केंद्र बना रहा है। इस मुद्दे पर अपना रुख बदलते हुए चीन ने एक हफ्ते पहले कहा था कि वह विवादास्पद मुद्दे पर अपने मतभेदों को हल करने के लिए भारत से बातचीत करने के लिए तैयार है। उल्लेखनीय है कि चीन ने बीते सोमवार को ही कहा था कि वह चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) को लेकर भारत से बातचीत करने के लिए तैयार है। यह गलियारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से गुजरता है। बीजिंग की यह प्रतिक्रिया चीन में भारत के राजदूत गौतम बांबावले की ग्लोबल टाइम्स से बातचीत के बाद आई। भारतीय राजदूत ने उस बातचीत में सीपीईसी को बड़ी समस्या बताया था और कहा था कि इसे छिपाया नहीं जाना चाहिए। चीन ने फिर कहा कि अरबों डॉलर की इस परियोजना का मकसद महज आर्थिक सहयोग है और इसे भारत को लक्ष्य करके नहीं तैयार किया गया है।

यह भी पढ़े : सही समय पर दिखाने से एडी की बढ़ी हड्डी की सर्जरी से बच सकते है