संजय सैनी, जयपुर। राजस्थान की सत्ता का सेमीफाइनल माने जाने वाले दो लोकसभा और एक
विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा। छह महीने पहले धौलपुर में उपचुनाव जीत चुके भाजपा पदाधिकारी तीनों उपचुनाव जीतने के लिए आश्वस्त थे लेकिन वोटर ने उन्हें असलियत बता दी। लोकसभा में जब वित्त मंत्री अरुण जेटली मोदी सरकार का आखिरी
पूर्ण बजट पेश कर रहे थे। उसी समय कुछ ही सौ किलोमीटर दूर अजमेर और
अलवर में लोकसभा चुनाव में ही उसके उम्मीदवार वोटों की लड़ाई में धूल चाट
रहे थे। सिर्फ लोकसभा उपचुनाव की ही नहीं बल्कि विधानसभा की एक सीट के
लिए हुए चुनाव में भी मांडलगढ़ से बीजेपी उम्मीदवार को हार का सामना करना
पड़ा।
वसुंधरा राजे अपनी पूरी
कैबिनेट लगाने के बावजूद एक भी सीट वापस नहीं ले पाईं और राज्य की तीनों
सीटों पर कांग्रेस ने जीत का परचम लहरा दिया। बीजेपी खेमा मायूस है तो
राजस्थान में आठ महीने के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस
इस जीत को संजीवनी मानकर उत्साहित है। राजस्थान के अलवर,
अजमेर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर पार्टी को जबर्दस्त जीत मिली है।
राजस्थान की ये तीनों सीट बीजेपी के पास थीं. अजमेर सीट से बीजेपी सांसद
प्रो सांवर लाल जाट, अलवर से सांसद चांद नाथ योगी और मांडलगढ़ विधानसभा से
विधायक कीर्ति कुमारी के निधन के चलते उपचुनाव हुए थे।
अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस के डॉ. करण सिंह यादव तो बीजेपी ने डॉ.
जसवंत यादव को 1 लाख 96 हजार 496 वोटों से मात दी, वहीं अजमेर लोकसभा सीट
पर कांग्रेस के डॉ. रघु शर्मा ने बीजेपी के रामस्वरूप को करीब 86 हजार वोटो से हराया।
मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर भी बीजपी कई राउंड आगे रहने के बाद
पिछड़ गई और 13 हजार मतों से उसे हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस
उम्मीदावर विवेक धाकड़ ने बीजेपी के शक्ति सिंह को हराकर यहां से जीत का
परचम लहराया।
उपचुनाव में अक्सर देखा गया है कि सत्ताधारी दल ही जीत दर्ज करता है,
लेकिन राजस्थान के मामले में तो सत्ताधारी बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया।
2016 के बाद से राज्य में छठी बार उपचुनाव हुए हैं। इनमें से चार बार
बीजेपी को हार का मुंह देखना पड़ा है।
गौरतलब है कि 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 21 सीटें मिली थीं जबकि बीजेपी ने 163 सीटें जीतकर
प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई थी। इसके बाद 2016 में राज्य में कांग्रेस की
कमान युवा नेता सचिन पायलट को दी गई। गुजरात चुनाव के बाद उपचुनाव में ये जीत कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम करेगी।इस हार के बाद सीएम वसुंधरा राजे ने कहा है कि पार्टी इस हार का विश्लेषण जो भी कमियां रही है उसे दूर करेगी। इसके बाद दोगुने उत्साह से वापसी करेगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे