जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि गत् दिनों चुनावों के दौरान तीनों उप चुनाव क्षेत्रों में जिस स्तर पर जनता का सहयोग, समर्थन व प्रेम कांग्रेस के प्रति देखने को मिला उससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ तीनों उप चुनाव क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी भाजपा की मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री व अन्य नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह सत्ता का दुरूपयोग किया और समाज को बांटने की नीति पर काम किया उससे साफ पता चलता है कि भाजपा को शुरू से ही एहसास हो गया था कि चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन निराशाजनक रहेगा। उन्होंने कहा कि निगमों, बोर्डों व कॉरपोरेशन के अध्यक्षों तक ने भाजपा के लिए प्रचार करने में दिन-रात एक कर दिया और सरकार के जिम्मेदार पदों पर बैठे नेता खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन करते रहे।
उन्होंने कहा कि यहॉं तक कि यूडीएच मंत्री ने तो आचार संहिता की घोषणा के बाद प्रेसवार्ता आयोजित कर सस्ती दरों पर पट्टे देने तक की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावों में मतदाताओं विशेषकर युवाओं को प्रभावित करने के लिए मुख्य सचिव द्वारा नौकरियों के संदर्भ में घोषणा तक करवाई। खनन् क्षेत्र में छूट देने की घोषणा भी चुनावों के दौरान की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरूपयोग जिस स्तर पर किया उससे स्पष्ट हो गया है कि सरकार के पास उपलब्धि नहीं होने से सरकार सम्भावित हार से बौखलाकर ऐसे हथकण्डे अपना रही थी।
पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है और भाजपा सरकार पर से जनता का विश्वास उठ चुका है, इसलिए चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए प्रधानमंत्री तक को रिफाईनरी रि-लॉन्चिंग कार्यक्रम में आमंत्रित कर लिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी प्रयास विफल रहेंगे और जनता के बीच में सदैव मौजूद रहने वाली कांग्रेस पार्टी को सम्पूर्ण समर्थन देकर जनता तीनों उप चुनाव जितायेगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे