जयपुर। राज्य पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ ने सोमवार
को गुजरात में 8वां इंटरस्टेट डिकाय आपरेशन करते हुये लूनावाडा स्थित भगत हास्पिटल
में भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त चिकित्सक एमडी गायनी डा. मयूर भगत एवं दलाल नर्स
फायजा को गिरफ्तार कर लिया है। अध्यक्ष राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी एवं मिशन
निदेशक एनएचएम नवीन जैन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
साथ ही रजिस्टर्ड सोनोग्राफी मशीन भी जब्त कर ली
गयी है। उल्लेखनीय है कि राज्य पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ द्वारा 29 इंटरस्टेट सहित अब
तक कुल 103 डिकाय आपरेशन संपादित किये जा चुके हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों
को मंगलवार को माननीय पीसीपीएनडीटी न्यायालय बांसवाडा में पेश किया जायेगा।
मिशन निदेशक ने बताया कि गत कुछ दिनों से सीमावर्ती क्षेत्र
बांसवाड़ा एवं डूंगरपुर इत्यादि क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को गुजरात ले जाकर
भ्रूण लिंग परीक्षण कराने में एक गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। सूचना
की पुष्टि करने के बाद डिकाय आपरेशन की रणनीति तैयार की गयी। निर्धारित रणनीति के
अनुसार सोमवार को डिकाय गर्भवती महिला व सहयोगी को डिकाय राशि देकर मुखबीर के माध्यम
से दलाल नर्स फायजा के पास भेजा गया। उन्होंने बताया कि भ्रूण लिंग परीक्षण हेतु
20 हजार रुपये की राशि तय की गयी। दलाल नर्स डिकाय गर्भवती महिला को गुजरात के
लूनावाडा स्थित भगत हास्पिटल ले गयी। वहां चिकित्सक डा. मयूर भगत ने डिकाय गर्भवती
महिला की सोनोग्राफी की एवं भ्रूण लिंग परीक्षण की जानकारी दी।
इशारा मिलते ही
डिकाय दल ने आरोपी चिकित्सक एवं अस्पताल संचालक डा. मयूर भगत एवं दलाल नर्स फायजा
को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही रजिस्टर्ड सोनोग्राफी मशीन एवं हू-ब-हू की डिकाय राशि
भी जब्त कर ली है। इस डिकाय कार्यवाही में सीआई उमेश निठारवाल, कांस्टेबल
शंकरलाल, लालूराम,
चित्तौड़गढ के पीसीपीएनडीटी समन्वयक शरीफ इकबाल, प्रतापगढ़ के संदीप शर्मा व बांसवाड़ा के हरीकांत शामिल
थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे