विधानसभा सत्र 5 फरवरी से, सुरक्षा के लिए होंगे माकूल प्रबंध

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 29 जनवरी 2018, 9:22 PM (IST)

जयपुर। चौदहवीं विधानसभा के 5 फरवरी से शुरू हो रहे दशम सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। विधानसभा सचिव पृथ्वीराज की अध्यक्षता में सोमवार को विधानसभा में हुई इस आशय की एक बैठक में यह निर्देश दिए गए कि सत्र के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कोई चूक न रहे। बैठक में सुरक्षा के संबंध में बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि सत्र के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी नियुक्त किए जा रहे हैं, जिनमें टास्क फोर्स के सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। विधानसभा भवन की प्रतिदिन एंटीसबोटेज चौक, बम डिस्पोजल स्क्वायड और डाग स्क्वायड द्वारा चैकिंग की जाएगी। इसके अलावा भवन के प्रवेश द्वारों पर पोर्टेबल मैटल डिटेक्टर एवं एचएचएमडी लगाए जाएंगे। सत्रकाल में संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश की रोकथाम के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

सत्र के दौरान आने वाले शिष्टमंडलों से मुलाकात कराने के लिए नामजद अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं तथा विधानसभा परिसर में एक एम्बुलेंस एवं एक अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। बैठक में बताया गया कि भवन के सभी द्वारों से अनधिकृत व्यक्तियों के विधानसभा में प्रवेश पर रोकथाम के लिए पर्याप्त वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की व्यवस्था होगी। सत्रावधि में विधानसभा भवन एवं उसके संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे आर्मगार्ड के अलावा गश्त की विशेष व्यवस्था रहेगी।

विधानसभा के उत्तरी एवं पश्चिमी मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में यातायातकर्मी एवं चैनल बैरियर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा भवन में वाहनों की पार्किंग के संबंध में भी जाब्ता लगाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि भवन के सभी प्रवेश द्वारों के अलावा अन्य स्थानों पर भी यथा जरूरत मार्गदर्शक पट्टिकाएं लगाई जाएंगी।

बैठक में विधानसभा के मार्शल संजय चौधरी, सहायक मार्शल विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक सुरक्षा राजेश मीणा, पुलिस उपायुक्त दक्षिण योगेश दाधीच, पुलिस उपायुक्त यातायात शिल्पा चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिसिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सुनील गुप्ता सहित पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे