जम्मू एवं कश्मीर में शीतलहर, ‘चिल्लई कलां’ में बर्फबारी नदारद

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 25 जनवरी 2018, 1:06 PM (IST)

श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर में गुरुवार को शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में शनिवार तक धुंध भरा और शुष्क मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इस दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। भीषण सर्दी की 40 दिवसीय अवधि ‘चिल्लई कलां’ समाप्त होने से सिर्फ पांच दिन दूर है। अभी तक कश्मीर घाटी के किसी भी इलाके में भारी बर्फबारी नहीं हुई है और न ही 30 जनवरी तक ऐसा होने की कोई संभावना है।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि पहलगाम और गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 5.8 डिग्री नीचे और 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कारगिल राज्य में सबसे ठंडा कस्बा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, काटरा में 5.3 डिग्री, बटोट में 1.3 डिग्री, भदरवाह में 0.2 डिग्री और उधमपुर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बनिहाल में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे