राहुल गांधी का अमेठी दौरा: हनुमान मंदिर में टेका मत्था, ढाबे पर पी चाय

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 15 जनवरी 2018, 2:08 PM (IST)

लखनऊ/अमेठी। कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सोमवार को राहुल गांधी लखनऊ हवाईअड्डे पर उतरने के बाद अमेठी के लिए रवाना हो गए। वह अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर हैं। हवाईअड्डे पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। लखनऊ से सडक़ मार्ग से राहुल सीधे रायबरेली पहुंचे। यहां चुरवा में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान रायबरेली के चुरवा हनुमान मंदिर में राहुल गांधी ने पूजा-अर्चना की। इससे पहले हवाईअड्डे पर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने गुलदस्तों से अपने नेता का स्वागत किया। सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, विधायक आराधना मिश्रा मोना, एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री रंजीत सिंह जूदेव, अम्मार रिजवी, सत्यदेव त्रिपाठी, बादशाह सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया।

राहुल गांधी हवाई जहाज से उतरने के बाद सीधे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। लोगों ने उनका स्वागत किया। राहुल भी गर्मजोशी से लोगों से मिले और हाथ मिलाया। इसके बाद वीवीआईपी लाउंज में कुछ देर रुकने के बाद अमेठी के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सुबह 10 बजे लखनऊ हवाईअड्डे पर उतरने के बाद वह सडक़ मार्ग से अमेठी के लिए रवाना हो गए। दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को राहुल गांधी गेस्ट हाउस में सुबह नौ बजे से 10 बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह मुसाफिर खाना जाएंगे जहां पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

राहुल के अमेठी पहुंचने से पहले पोस्टर वॉर



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

कांग्रेस के पोस्टर्स में राहुल गांधी को राम, कृष्ण और अर्जुन के रूप में दिखाया गया है। वहीं, अमेठी में राहुल गांधी के लापता होने के पोस्टर भी लगे हैं। सोमवार को जब यह पोस्टर वॉर का विवाद बढ़ा तो पुलिस ने इन पोस्टर्स को आनन- फानन में हटवाया। अमेठी जिले में लगाए गए पोस्टर में राहुल गांधी को भगवान राम और पीएम नरेंद्र मोदी को रावण के तौर पर दिखाया गया। दूसरा पोस्टर लखनऊ में देखा गया। इस पोस्टर को राहुल अवस्थी नाम के एक व्यक्ति ने लगाया। पोस्टर में महाभारत के दौरान का चित्र बना है। रथ पर सवार कृष्ण की जगह राहुल गांधी और उनके पीछे अर्जुन के रूप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को दिखाया गया है।

इस पोस्टर में लिखा है, संघर्ष से विजय की ओर चले दो महारथी। पोस्टर के नीचे श्रीकृष्ण रूपी राहुल गांधी का सुदामा रूपी राहुल अवस्थी लिखा है। अमेठी में कई जगरों पर पोस्टर लगाए गए, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लापता बताया गया। पोस्टर में लिखा है, अमेठी के लापता सांसद राहुल गांधी का स्वागत। नीचे लिखा गया, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विकास की उपेक्षा करने वाले सांसद का स्वागत। अमेठी में एक और पोस्टर चर्चा में है, जिसमें लापता लिखकर राहुल गांधी की तस्वीर लगाई गई। तस्वीर के नीचे लिखा है- अमेठी के माननीय सांसद राहुल गांधी अमेठी से लापता हैं।

ये भी पढ़ें - ये हैं लोगों से 20 करोड़ से ज्यादा ठगने वाले बाप-बेटे