वसंत पंचमी पर अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 15 जनवरी 2018, 1:27 PM (IST)

चंडीगढ़। वसन्तोत्सव के पावन अवसर पर हरियाणा में 18 जनवरी से 22 जनवरी, 2018 तक अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के दृष्टिगत सरस्वती नदी सेवा यात्रा आदिबद्री से आरम्भ होगी और यह यात्रा जिला यमुनानगर, पंचकूला, अम्बाला, कुरूक्षेत्र होते हुए 22 जनवरी, 2018 को सरस्वती तीर्थ, पिहोवा में सम्पन्न होगी।

एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत की प्रमुख नदियों के जल से आदिबद्री में सरस्वती का जलाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर हवन यज्ञ, सरस्वती महा आरती होगी। इसके उपरांत सरस्वती नदी सेवा यात्रा प्रारम्भ हो जाएगी। 18 से 21 जनवरी, 2018 तक सरस्वती तीर्थ, पिहोवा में कला, संस्कृति एवं शिल्प मेला का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सरस्वती प्रदशर्नी का भी शुभारम्भ किया जाएगा। इस अवसर पर सायं 5.30 बजे सरस्वती की महा आरती, सांस्कृतिक संध्या 6.00 से 8.00 बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि 21 जनवरी, 2018 को 11.30 बजे सामूहिक सरस्वती वंदना का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को सरस्वती तीर्थ, पिहोवा में पिहोवा वासियों द्वारा सरस्वती नदी सेवा यात्रा का स्वागत किया जाएगा और कलश यात्रा तथा सरस्वती महाजलाभिषेक का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत भारत की 400 से अधिक प्रमुख नदियों के जल से सरस्वती तीर्थ, पिहोवा में महाजलाभिषेक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सरस्वती नदी सेवा यात्रा 19 जनवरी को सिरसा से भी प्रारम्भ होकार जिला फतेहाबाद, हिसार, जींद, कलायत, कैथल से होते हुए 22 जनवरी, 2018 को सरस्वती तीर्थ, पिहोवा में समाप्त होगी।

उन्होंने बताया कि 19 जनवरी से 20 जनवरी, 2018 के दौरान ‘‘वैदिक सरस्वती नदी एवं धरोहर विकास-नये परिपेक्षय में’’ विषय पर कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे