इंग्लिश प्रीमियर लीग : केन ने तोड़ा रिकॉर्ड, टोटेनहम की जीत

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 14 जनवरी 2018, 1:17 PM (IST)

लंदन। हैरी केन के रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के कारण टोटेनहम हॉटस्पर फुटबॉल क्लब ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में खेले गए मैच में एवर्टन को 4-0 से मात दी। वेम्ब्ले स्टेडियम में शनिवार रात को खेले गए इस मैच में केन ने दो गोल किए और इसके साथ ही वे टोटेनहम के लिए इस लीग में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

टोटेनहम ने मैच की अच्छी शुरुआत की। 26वें मिनट में सोन ह्यूंग मिन की ओर से दागे गए गोल के दम पर उसने अपना खाता खोला। इस बढ़त को उसने पहले हाफ की समाप्ति तक बनाए रखा। इसके बाद, 47वें और 59वें मिनट में केन की ओर से किए गए दो गोल के साथ उसने एवर्टन के खिलाफ 3-0 की बढ़त हासिल की।

क्रिस्टियन एरिक्सन ने 81वें मिनट में गोल कर टोटेनहम को 4-0 से जीत दिलाई। इस मैच में दो गोल दागकर केन ने प्रीमियर लीग में टोटेनहम के लिए 98 गोल दागे हैं और उन्होंने इस क्रम में क्लब के बेहतरीन खिलाड़ी रहे टेडी शेरिंघम का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। केन ने इतने गोल 135 मैचों में किए हैं, जबकि शेरिंघम ने 237 मैचों में 97 गोल दागे थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

जर्मन लीग : बायर्न ने लेवरकुसेन को 3-1 से हराया

बर्लिन।
बायर्न म्यूनिख ने फुटबॉल सीजन के दूसरे हाफ की शुरुआत जीत के साथ की है। बायर्न ने शुक्रवार को खेले गए जर्मन लीग के 18वें दौर के मुकाबले में लेवरकुसेन को 3-0 से हराया। विजेता टीम के लिए दो गोल दूसरे हाफ में हुए। एक गोल पहले हाफ में हुआ। इस जीत के साथ बायर्न ने लेवरकुसेन का विजय रथ रोक दिया। बायर्न के लिए जावी मार्टिनेज, फ्रैंक रिबेरी और जेम्स रोड्रिग्वेज ने गोल किए।

इसके साथ बायर्न ने साल 2018 के पहले तीन अंक अपने नाम किए। इस मैच के बाद बायर्न के मुख्य कोच जप हेनकेस ने कहा, हमारी टीम अच्छा खेली। हालांकि एक समय के बाद हमारा खेल पर से ध्यान भटक गया था। हमें इस पर ध्यान देना होगा। बायर्न जर्मन लीग तालिका में पहले स्थान पर है। दूसरे स्थान पर काबिज टीम से उसके 14 अंक अधिक हैं। लेवरकुसेन चौथे स्थान पर है।

ये भी पढ़ें - रोहित इस मामले में इन्हें पछाड़ आए पहले स्थान पर, देखें टॉप...