तीस लाख के सोने के साथ हवाई अड्डे पर व्यापारी गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जनवरी 2018, 8:23 PM (IST)

चंडीगढ़ | तीस लाख रुपये के सोने के जेवरात, सिक्का व बिस्कुट के साथ शनिवार को चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पंजाब के शख्स को गिरफ्तार किया गया। पटियाला का यह व्यापारी दुबई-चंडीगढ़ की फ्लाइट से यहां पहुंचा था। उसने 700 ग्राम सोने की एक चेन और 233 ग्राम सोने की ब्रैसलेट पहन रखी थी। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उनके बटुए से 116 ग्राम सोने का एक बिस्कुट और 10 ग्राम का सिक्का भी बरामद किया।

अधिकारियों ने बताया कि व्यापारी के पास से बरामद सोने की कीमत करीब 30 लाख रुपये है।

अधिकारियों के मुताबिक, 35 वर्षीय व्यापारी सोने के बारे में खुलासा किए बगैर ग्रीन चैनल पार कर गया था लेकिन अधिकारियों को संदेह हुआ क्योंकि वह ग्रीन चैनल पार करते हुए बेचैन लग रहा था। जहां सामान का दावा किया जाता है वहां उसे रोका गया और तलाशी लेने पर उससे सोना बरामद किया गया।

एक अधिकारी ने बताया, "उसने अपने कपड़ों के नीचे सोने की चेन व बै्रसलेट छुपा रखी थी, लेकिन उसका हावभाव संदेहास्पद प्रतीत हो रहा था। हमने पूछताछ की और सोना बरामद किया।"

गौरतलब है कि दुबई-चंडीगढ़ सर्किट के जरिये पिछले कुछ महीनों से सोने की तस्करी बढ़ गई है। कस्टम अधिकारियों ने करोड़ों रुपये का सोना बरामद किया है।

आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे