ONGC का हेलीकॉप्टर समुद्र में गिरा, 7 लोग थे सवार, 3 के शव मिले

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जनवरी 2018, 2:16 PM (IST)

मुंबई। ओएनजीसी कर्मियों को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर समुद्र में गिर गया है। मुंबई से 35 किलोमीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में 7 लोग सवार थे। जिनमें से 3 का शव बरामद कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर पवनहंस कंपनी का था। ओएनजीसी ने अपने कर्मचारियों को ले जाने के लिए यह हेलीकॉप्टर बुक करवाया था। इस हेलीकॉप्टर ने मुंबई के जुहू एयरपोर्ट से शनिवार सुबह साढे 10 बजे ओएनजीसी के रिग (तेल के कुएं) के लिए उड़ान भरी थी।

लेकिन, कुछ देर बाद ही इसका एटीसी से संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर के लापता होने के बाद हडकंप मच गया। इस हेलीकॉप्टर में ओएनजीसी के पांच कर्मचारी और दो पायलट सवार थे। यह हेलीकॉप्टर करीब सात साल पुराना बताया जा रहा है. ओएनजीसी ने संपर्क नहीं होने पर इमरजेंसी कॉलिंग के जरिए इंडियन कोस्ट गार्ड (भारतीय तट रक्षक) और नेवी (नौसेना) को सूचना दी। इसके बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। सर्च के लिए नेवी के दो डोजियर (हेलीकॉप्टर) और दो जहाजों को लगाया गया।

दोपहर बाद हेलीकॉप्टर के बारे में जानकारी आई कि यह समुद्र में गिर गया है। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के मरने की आशंका जताई जा रहा है। अभी 3 का शव बरामद कर लिया गया है। फिलहाल, सर्च ऑपरेशन जारी है। वहीं केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन से इस हादसे पर बातचीत की है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे