10 रुपए का नया नोट होगा पुराने से छोटा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जनवरी 2018, 10:25 AM (IST)

उदयपुर। 10 रुपए का नया नोट बाजार में जल्द आएगा, यह पुराने से थोड़ा छोटा होगा और चॉकलेटी भूरे कलर का होगा।

लेकसिटी न्यूमिसमेटीक और फिलेटीक सोसायटी के सदस्य और सिक्के-नोटों के संग्रहकर्ता महेश जैन ने बताया कि रिजर्व बैंक आॅफ इण्डिया ने 10 रुपये का नया नोट जारी किया है। ये नोट महात्मा गांधी सीरीज के हैं जो वर्तमान में प्रचलित नोट से करीब 20 फीसदी छोटा है। नोट पर कोणार्क के सूर्य मंदिर के चक्र की तस्वीर है। इसमें सूर्य मंदिर के प्रमुख भाग को भी दर्शाया गया है। इससे पहले आखिरी बार दस रुपये के नोट के डिजाइन में साल 2005 में बदलाव किया गया था।

पिछले साल अगस्त में आरबीआई ने 200 और 50 रुपए के नए नोट जारी किए थे। महेश ने बताया कि जल्द ही आरबीआई 20 और 100 रुपए के भी नए नोट जारी करने वाला है।

जैन ने बताया कि आजादी के बाद भारत में दस रुपए का पहला नोट 1 दिसम्बर 1949 को छापा गया था जो पोस्टकार्ड के आकार से थोड़ा छोटा था। जिस पर गर्वनर सी.डी. देशमुख के हस्ताक्षर थे, इसके बाद कई बार नोट में परिवर्तन किया गया। अब एक बार फिर नए आकार में नोट आने वाला है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे