पटना। बिहार के भोजपुर जिले से आरजेडी विधायक सरोज यादव की बहन शैली देवी की बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी। मृतका का सिर्फ इतना सा कसूर था कि वो छेडख़ानी का विरोध कर रही थी। सोमवार रात को उनके साथ सडक़ पर छेड़छाड़ की गई थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर रॉड से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। विधायक सरोज यादव की बहन की छेड़छाड़ में मौत के मामले में दो आरोपियों ने बिहार के आरा कोर्ट के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपियों की पहचान मिथिलेश और संतोष के रूप में की गई है।
वहीं, पुलिस तीन और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अस्पताल के
प्राचार्य एसएन सिन्हा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल विधायक की बहन ने
इलाज के क्रम में उनके अस्पताल में दम तोड़ दिया। आरजेडी विधायक सरोज यादव
ने बताया, मेरी बहन को रॉड से मारा गया और उसे ऑटोरिक्शा से बाहर फेंक दिया
गया। पहले हमें लगा कि उसके साथ कोई हादसा हो गया है लेकिन जांच के बाद
पता चला कि उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसे रॉड् से मारा गया। मुझे अपनी
सरकार पर पूरा भरोसा है। विधायक ने कहा कि एसपी के गैर-जिम्मेदाराना रवैये
की वजह से मेरी बहन की जान चली गई।