प्रदेश का हर वर्ग भाजपा सरकार से निराश व आक्रोशित : पायलट

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 12 जनवरी 2018, 5:09 PM (IST)

अजमेर। प्रदेश की भाजपा सरकार व उसकी मुखिया अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं, इसलिए आचार संहिता का उल्लंघन कर प्रधानमंत्री को उप चुनाव के दौरान प्रदेश में बुलाकर रिफाइनरी परियोजना को रि-लॉन्च कराया जा रहा है। इस परियोजना का शिलान्यास गत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हो चुका था। भाजपा सरकार उप-चुनाव के मद्देनजर जो भी घोषणाएं कर रही है, उसका उद्देश्य जनता को भ्रमित करना मात्र है।

यह बात राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने अजमेर लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद की ग्राम पंचायत झड़वासा, न्यारा, बाघसूरी, बिठूर, ब्रिकचियावास, लीडी, लामाना, जेठाना, गोला, अलीपुरा, नागेलाव, भटसूरी, रामपुरा डाबला, कालेसरा, दातड़ा, मकरेड़ा एवं केसरपुरा में आयोजित जनसभाओं में कही। उन्होंने कहा कि राजधानी में एक सप्ताह में दो लोगों को सरेआम मार दिया गया, परन्तु पुलिस-प्रशासन अब तक अपराधियों पर नकेल कसने में पूरी तरह से नाकाम साबित रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने गत चार वर्षों में जैसा शासन चलाया है, उसका ही परिणाम है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध व महिला उत्पीड़न चरम पर है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में आपसी भाईचारे व सौहार्द्र को बिगाड़ने का काम किया है तथा विघटनकारी सोच को अपनाकर राजनीतिक हित साधने का प्रयास किया जा रहा है। आज प्रदेश का हर वर्ग सरकार से निराश हो चुका है। बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं में सरकार के प्रति आक्रोश चरम पर है। प्रदेश के कर्मचारी सरकार की वादाखिलाफी से त्रस्त होकर विरोध कर रहे हैं।


ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम

उन्होंने कहा कि प्रदेश का चिकित्सा विभाग जिस तरह से काम कर रहा है, उसके कारण मौसमी बीमारियां महामारी का रूप ले चुकी हैं और बिना इलाज बेबस जनता मारी जा रही है। आज तक प्रदेश के बाढ़ग्रस्त इलाकों के प्रभावितों को प्रदेश सरकार केन्द्र से सहायता नहीं दिलवा पाई और आपदाग्रस्त किसान राहत के लिए तरस रहे हैं। सरकार ने किसानों को मरने के लिए मजबूर किया है और कर्ज माफी का वादा कर उससे मुकर रही है।


ये भी पढ़ें - यहां पेड़ों की रक्षा को 363 लोगों ने दिया था बलिदान

प्रदेश की जनता में भाजपा सरकार के प्रति असंतोष व अविश्वास इतना बढ़ चुका है कि जनता निरंकुश भाजपा सरकार से मुक्ति के लिए दिन गिन रही है। उन्होंने कहा कि तीनों उप चुनावों में जनता का आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी को मिलेगा।


ये भी पढ़ें - यहां नागमणि से होता है सर्प दंश का इलाज!