100वें उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर पीएम मोदी ने इसरो को दी बधाई

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 12 जनवरी 2018, 2:34 PM (IST)

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को 100वें उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी। इसरो ने ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी-सी 40) पर छह देशों के 31 उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में प्रक्षेपित किया है। मोदी ने ट्वीट किया, मैं आज पीएसएलवी के सफल प्रक्षेपण पर इसरो और उसके वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं। नए साल में यह सफलता एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश के तेजी से बढ़ते कदम हमारे नागरिकों, किसानों और मछुआरों के लिए लाभकारी होंगे।

कुल 31 उपग्रहों में से तीन भारतीय हैं और शेष 28 उपग्रह कनाडा, फिनलैंड, फ्रांस, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अमेरिका के हैं। मोदी ने कहा, इसरो द्वारा 100वें उपग्रह का सफल प्रक्षेपण संगठन की शानदार उपलब्धियों और भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के उज्जवल भविष्य को दर्शाता है। उन्होंने कहा, भारत की सफलता के लाभ हमारे साझेदारों के लिए भी उपलब्ध हैं! आज लॉन्च किए गए कुल 31 उपग्रहों में से 28 उपग्रह अन्य छह देशों के हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे